राजनाथ सिंह ने भरी अमेरिका के लिए उड़ान

पीएम नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय विदेश यात्रा के पहले दिन बुधवार को पोलैंड पहुंचे. एक दिन पोलैंड में बिताने के बाद प्रधानमंत्री सीधे युद्धग्रस्‍त यूक्रेन पहुंचेंगे. जहां एक तरफ पीएम यूक्रेन जाने की तैयारी कर रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज अमेरिका यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिका का बयान भी सामने आ गया है. अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने पीएम मोदी के यूक्रेन दौरे को अहम करार दिया. करीब छह सप्‍ताह पहले ही प्रधानमंत्री ने रूस का दौरान किया था, जहां राजधानी मॉस्‍को में वो राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन से मिले थे.

भारत को कोई भी पीएम अब तक यूक्रेन नहीं गया है. पीएम मोदी ने यह साफ कर दिया है कि भारत किसी के प्रभाव और दबाव में काम नहीं करता है। पीएम की  रूस यात्रा के वक्‍त भारत में अमेरिकी राजदूत ने तल्‍ख तेवर दिखाए थे। अब प्रबंधन एवं संसाधन के लिए अमेरिकी उप विदेश मंत्री रिचर्ड आर. वर्मा ने कहा कि रूस के साथ भारत के “दीर्घकालिक संबंध” को अमेरिका समझता है.

प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को लगभग सात घंटे कीव में रहेंगे. प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ आमने-सामने और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करने का कार्यक्रम है. यह बातचीत यूक्रेन संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने पर केंद्रित होगी. वर्मा ने दिल्ली में ‘सेंटर फॉर सोशल एंड इकोनॉमिक प्रोग्रेस’ में एक संवाद सत्र में कहा, “मैं इस यात्रा से बहुत खुश हूं. मुझे लगता है कि पीएम मोदी की पोलैंड और यूक्रेन की यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है”

बाइडन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी की पिछली टिप्पणियों की सराहना करते हैं जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘यह युद्ध का युग नहीं है और यह शांति का समय है.’ वर्मा ने कहा, “हम समझते हैं कि रूस के साथ भारत के दीर्घकालिक संबंध हैं और भारत को स्वयं यह निर्णय लेना होगा कि वह इस पैमाने पर कहां खड़ा होना चाहता है.” भारत में अमेरिका के राजदूत रह चुके वर्मा ने कहा, “यह स्वतंत्रता, आजादी और कानून के शासन की रक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण समय है.” अमेरिका और उसके कई सहयोगी देश मोदी की 8-9 जुलाई की मॉस्को यात्रा के समय पर नाराज थे, क्योंकि यह उस वक्त हुई थी जब वाशिंगटन में नाटो शिखर सम्मेलन हो रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *