रवीना टंडन ने जताई वायु प्रदूषण पर चिंता, लोगों से की प्रदूषण रोकने की अपील

मुंबई: दिल्ली और दिल्ली से सटे राज्यों में बढ़ता प्रदूषण चिंता का विषय बन गया है। दिवाली के बाद से ही प्रदूषण का स्तर बदलते मौसम के साथ बढ़ता जा रहा है। अब इस समस्या पर बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन ने चिंता जताई है और ढेर सारे पोस्ट शेयर किए हैं, जिसमें बढ़ते प्रदूषण से होने वाले शारीरिक नुकसान पर फोकस किया गया है।

रवीना टंडन ने इंस्टाग्राम पर बढ़ते प्रदूषण को लेकर बहुत सारे पोस्ट किए हैं, जिसमें एयर पॉल्यूशन को परमानेंट हेल्थ डैमेज बताया है। पोस्ट पर लिखा है, “अगर पीएम 2.5 प्रदूषण हो और एक्यूआई 200-300 हो, तो महज घंटे भर में ये कण शरीर में जाकर फेफड़े, दिल और ब्रेन को नुकसान पहुंचाते हैं। अगर यही एक्यूआई 4 हफ्तों तक बना रहे, तो अस्थमा, श्वसन संबंधी रोग, आंखों में जलन और गले से जुड़ी परेशानी हो सकती हैं।”

पोस्ट में आगे लिखा है, “अगर यही एक्यूआई 1 से 3 महीनों तक बना रहता है, तो धीरे-धीरे इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, फेफड़े की अंदरुनी परत मोटी होने लगती है, बच्चों के फेफड़ों का विकास प्रभावित होता है, और रक्त में शर्करा की मात्रा बढ़ जाती है।” रवीना टंडन का पोस्ट डराने वाला है और यूजर्स भी एक्ट्रेस के पोस्ट पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।

बात अगर देश की राजधानी दिल्ली की करें तो शनिवार को भी सुबह सात बजे एक्यूआई 338 दर्ज किया गया। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग एक्यूआई दर्ज किया गया। मौसम विभाग और एयर क्वालिटी एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदूषण का स्तर और खराब होने वाला है, क्योंकि हवा में प्रदूषण फैलाने वाले तत्व तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदूषण से बचने के लिए दिल्ली सरकार समेत आस-पास के बाकी राज्यों की सरकारें सख्त तरीके से कार्रवाई कर रही हैं। प्रदूषण को कम करने के लिए हवा में पानी का छिड़काव किया जा रहा है और पराली जलाने वाले किसानों पर भी जुर्माना लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *