अविश्वसनीय! रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB का कारनामा, IPL में पहले कभी नहीं देखा गया

IPL 2025 में RCB की टीम इस वक्त कमाल का प्रदर्शन कर रही है। टीम ने इस सीजन अब तक 4 मैच खेले हैं जिसमें से 3 मैच में उन्होंने जीत दर्ज की है। इसमें सबसे खास बात ये है कि ये तीनों ही जीत उन्हें घर से बाहर मिली है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सबसे लोकप्रिय टीमों में शुमार है, जिसकी फैन फॉलोइंग बहुत बड़ी है। IPL के इतिहास में RCB ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया है, लेकिन 17 साल बीत जाने के बावजूद टीम अब तक एक भी बार खिताब अपने नाम नहीं कर पाई है। हालांकि, IPL 2025 में बेंगलुरु की टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है, और अगर उनका यह प्रदर्शन जारी रहता है, तो इस सीजन ट्रॉफी जीतने की उनकी प्रबल संभावना है। इसी क्रम में, 7 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस को 12 रनों से शिकस्त देकर एक नया इतिहास रच दिया है।

सोमवार को RCB ने 10 साल बाद मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी। उससे पहले सीजन के अपने पहले ही मैच में उन्होंने डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके ही घर ईडन गार्डंस में हराया था। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को उनके घर पर 17 साल बाद पटखनी दी। मौजूदा सीजन में पाटीदार की टीम अबतक 4 मैचों में 3 में जीत हासिल कर चुकी है। वह 6 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बाद तीसरे नंबर पर है।

ऐसा करने वाली पहली टीम बनी RCB

IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे इस टूर्नामेंट के इतिहास में पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने एक ही सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके घरेलू मैदान पर हराया है। यह एक अभूतपूर्व उपलब्धि है, खासकर जब मुंबई और चेन्नई जैसी टीमों ने 5-5 बार और डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता ने 3 बार आईपीएल का खिताब जीता है।

MI और RCB के बीच खेले गए मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए। टीम की तरफ से विराट कोहली (67), कप्तान रजत पाटीदार (64), जीतेश शर्मा (40) और देवदत्त पड्डीकल (37) ने बल्ले से अहम योगदान दिया। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन ही बना सकी। इस तरह आरसीबी ने मैच को 12 रनों से अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *