रिकॉर्ड हाई के करीब शेयर बाजार

मुंबई: कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। हल्की गिरावट के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों में भारी उछाल आया है। बीएसई सेंसेक्स 229 अंक चढ़कर 83,985 पर कारोबार कर रहा है, वहीं निफ्टी 73 अंक उछलकर 25,622 के पार निकल गया है। सेंसेक्स अपने ऑल टाइम हाई 85,978 से सिर्फ 3% दूर है, जबकि निफ्टी भी अपने रिकॉर्ड से सिर्फ 728 अंक नीचे है।

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बढ़त देखने को मिली है। इसके अलावा वैश्विक बाजार में भी मिलजुला संकेत है। एशियाई बाजार में जहां तेजी है तो वहीं, अमेरिका में गिरावट देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों के अनुसार भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती, ब्याज दरों में कटौती और निवेशकों का सकारात्मक रुख बाजार में आई उछाल का प्रमुख कारण है।

उछाल के साथ बंद हुए थे बाजार

इसके पहले गुरुवार को बाजार में काफी उथल-पुथल देखने को मिली थी। गुरुवार को बीएसई का सेंसेक्स 987.91 अंकों की बढ़त के साथ 83,743.42 अंकों पर बंद हुआ था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी एनएसई का निफ्टी 306.15 अंकों की बढ़त के साथ 25,550.90 अंकों के स्तर पर बंद हुआ। इसे देखते हुए उम्मीद जताई गई थी कि हफ्ते का आखिरी दिन भी बाजार के लिए अच्छा साबित होने वाला है और ऐसा हुआ भी।

30 में से 25 हरे निशान पर

बीएसई सेंसेक्स में लिस्टेड प्रमुख 30 से 25 कंपनियां मुनाफ के साथ कारोबार कर रही है। हिताची एनर्जी इंडिया, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावर मेक प्रोजेक्ट्स और महिंद्रा लाइफस्पेस जैसी कंपनियों के शेयरों में 1% से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर हरे निशान में बंद हुए। टाटा स्टील, लार्सन एंड टुब्रो, एसबीआई और एनटीपीसी के शेयरों में 1.3% तक की बढ़त देखने को मिली।

वहीं, दूसरी ओर एचडीएफसी, कोटक बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयरों में हल्की गिरावट दर्ज हुई। निफ्टी के 50 में से 38 शेयरों ने मजबूती दिखाई। NSE पर मेटल और सरकारी बैंकिंग इंडेक्स में 1% की तेजी रही, जबकि ऑटो, आईटी, मीडिया और फार्मा सेक्टर ने भी करीब 0.5% की बढ़त के साथ कारोबार किया।

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों की बात करें तो इसमें बढ़त देखने को मिली है। जापानी बाजार निक्केई 1.59% चढ़कर 40,215 पर है, जबकि कोरिया का कोस्पी 0.85% गिरकर 3,053 पर पहुंचा। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.21% नीचे है, वहीं हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग फ्लैट कारोबार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *