स्वस्थ रहने के लिए बाजरे को अपनाएं : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से स्वस्थ रहने के लिए अपने खानपान में बाजरे का सेवन बढाने के साथ साथ योग करने की अपील की है।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने बुधवार को शालीमार बाग स्थित महर्षि आयुर्वेदिक अस्पताल में आयुर्वेदिक किचन ‘सोमा’ का उद्घाटन करने के बाद कहा कि भोजन ही औषधि है। इसी मूल मंत्र पर शालीमार बाग स्थित महर्षि आयुर्वेद अस्पताल में नवनिर्मित इन हाउस आयुर्वेदिक किचन ‘सोमा’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभिनव पहल न केवल दिल्ली को आयुर्वेद और समग्र स्वास्थ्य संस्कृति से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के विजन को भी साकार करती है।
उन्होंने कहा स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में ऐसे प्रयास निश्चित ही महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में एक बेहतर किचन खुला है जिसमें बाजरे से तैयार सारे खाने है। उन्होंने कहा पाव भाजी से लेकर बर्गर समेत विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ उपलब्ध है जो बाजरे से तैयार किये जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजरे से जुड़ना, योग और वैकल्पिक औषधीय विकल्पों का पालन करना हमारे लिए एक संपत्ति, सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने कहा, अगर हम इसका पालन करेंगे तो हम खुद को स्वस्थ रख सकते हैं। इसे अपनाकर ही हमारा समाज और देश आगे बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *