काफी लंबे अरसे से बैंकों के एटीएम सिर्फ पांच सौ के नोट ही उगल रहे हैं। जिसके चलते बाजार में खरीदारी के समय लेनदेन को छोटे नोटों की कमी पड़ने की समस्या बढ़ रही है जिसको देखते हुए बैंकों ने एटीएम मशीनों में पांच सौ के साथ ही दो सौ व सौ के नोट भी लोड करना शुरू किया है।
एसबीआई समेत सभी प्रमुख बैंकों के एटीएम में कैश निकासी करने पर लोगों को निर्धारित की गई रकम में अधिकतर नोट पांच सौ के मिलेंगे, लेकिन कुछ नोट दो सौ व सौ के भी उनके हाथों में पहुंचेंगे। लेनदेन में छोटे नोटों की कमी के मद्देनजर आरबीआई ने इस बारे में बैंकों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
इंडियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि एटीएम में दो सौ और सौ के नोट भी निकलने से लोगों को खरीदारी के समय लेनदेन में होने वाली समस्या से किसी हद तक निजात मिल सकेगी। अधिकतर एटीएम मशीनों में पांच सौ के साथ ही दो सौ व सौ के नोट भी अनिवार्य रूप से लगाए जाने की व्यवस्था को लागू किया है। इस कारण लोगों को बहुत अधिक परेशानी का सामना हो रहा था।