RJD और लेफ्ट को 11 सीटें; 70 में होगा JMM-कांग्रेस का बंटवारा, हेमंत सोरेन का ऐलान

झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए INDIA गठबंधन के दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर काफी हद तक सहमति बन गई है। इस बारे में शनिवार दोपहर रांची में गठबंधन दलों की एक बैठक हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सीट बंटवारे को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य की 81 विधानसभा सीटों में से 70 सीटों का बंटवारा कांग्रेस और झामुमो के बीच होगा, वहीं बाकी बची 11 सीटें अन्य सहयोगी दलों के लिए छोड़ी जाएंगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी बताया कि इस विधानसभा चुनाव में लेफ्ट पार्टियां भी INDIA गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ेंगी। यानी 70 सीटों के बाद बची हुई 11 सीटों पर लेफ्ट व राजद जैसे गठबंधन के अन्य सहयोगी अपने प्रत्याशी उतारेंगे। हालांकि कौन सा दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा फिलहाल इस बात का फैसला नहीं हुआ है। सोरेने ने कहा कि आगे जो भी फैसला होगा वो आपको बता दिया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोरेन ने कहा, ‘हम इंडिया गठबंधन के लोग इस चुनाव को काफी गंभीरता से ले रहे हैं, और हर एक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इस चुनाव में हमने साथ जाने का निर्णय लिया है। हमने गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में जाने का फैसला लिया है।’

आगे उन्होंने बताया, ‘JMM, कांग्रेस और राजद के साथ इस गठबंधन में एक और सहयोगी शामिल हो रहा है। लेफ्ट पार्टी भी अब इस गठबंधन का हिस्सा होगी। इस चुनाव के पहले चरण के लिए जो बातें तय हुई हैं कि राज्य की 70 सीटों पर INDIA गठबंधन के JMM और कांग्रेस के प्रत्याशी होंगे और जो बची हुई विधानसभा सीटें हैं, उनमें से कौन किस पर चुनाव लड़ेगा, इस बारे में उनके साथ बैठकर बातचीत करते हुए तय किया जाएगा। अभी तक हम लोगों ने यही निर्णय लिया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *