बेगूसराय में ज्वेलरी शॉप में डकैती; दुकानदार ने दो बदमाशों को मारी गोली, 35 लाख लूट का दावा

बिहार के बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शॉप में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान दुकान के मालिक ने दो लुटेरों को गोली मारकर जख्मी कर दिया जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दुकान मालिक की ओर से 35 से 40 लाख की ज्वेलरी की लूट का दावा किया है। बताया गया है कि अपराधियों की गोली से दुकान का एक स्टाफ भी घायल हो गया है। घटना नगर थाना क्षेत्र के बेगूसराय टाउन की है। एसपी मनीश कुमार ने कहा है कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।

डकैती की वारदात बेगूसराय शहर के पीपी ज्वेलर्स में हुए दुकान के मालिक प्रमोद कुमार पोद्दार ने बताया कि वह दुकान में नहीं थे। इसी बीच चार की संख्या में बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसे और गहना जेवर देखने की बात बताकर फर्स्ट फ्लोर पर चले गए। काफी मात्रा में जेवर निकलवाने के बाद दो बदमाशों ने पिस्तौल निकाल लिया और दो गोलियां चलाई जिसमें प्रमोद पोद्दार का बेटा बाल बाल बच गया जबकि एक स्टाफ जख्मी हो गया।

इसी बीच दुकानदार प्रमोद पोद्दार पहुंच गए। दुकान में आवाज सुनकर उन्होंने अपना लाइसेंसी पिस्टल निकाल लिया। बाहर शोरगुल होने पर बदमाश भागने लगे। पीपी ज्वेलर्स के मालिक प्रमोद कुमार पोद्दार ने भाग रहे दो बदमाशों को गोली मार दी जिन्हें वहां मौजूद लोगों ने घेर कर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी।

लूटपाट की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने काफी मशक्कत करके भीड़ के हत्थे से दोनों बदमाशों को छुड़ाया। गूसराय एसपी मनीष कुमार भी पहुंच गए। एसपी ने दुकानदार के हवाले लूट की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दो लूटेरे पकड़े गए जबकि दो फरार होने में कामयाब रहे। गिरफ्तार बदमाशों का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों का वीडियो खंगाला जा रहा है। इस घटना से स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। दुकानदार ने अब राइफल के लाइसेंस की मांग की है। उनके पहले से लाइसेंसी पिस्टल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *