दिल्ली पुलिस ने हाल ही में छह बदमाशों के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पहाड़ों पर घूमने जाने के लिए लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले थे। खास बात तो यह है कि ये सभी बदमाश हाल ही में जेल से बाहर आए थे और बर्फबारी का मजा लेने के लिए इन नई वारदातों की प्लानिंग कर रहे थे। हालांकि पहली वारदात के बाद ही पुलिस की गिरफ्त में आने से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया।
गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी बिंदापुर की जेजे कॉलोनी के रहने वाले हैं, और उन्होंने दिल्ली के द्वारका इलाके में डकैती की कई वारदातों को अंजाम देने की प्लानिंग की थी। इसकी शुरुआत उन्होंने 12 नवंबर की शाम को दक्षिण-पश्चिम इलाके में एक किराना व्यापारी के साथ बंदूक की नोक पर 50 हजार रुपए लूट के साथ की थी।
इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने कहा, ‘किराना दुकानदार मुकेश अपने स्कूटर से घर लौट रहे थे, तभी बिंदापुर में डीडीए फ्लैट्स के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान बाइक पर सवार तीन आरोपियों ने बंदूक की नोक पर उनसे 50,000 रुपए लूट लिए थे।’
अधिकारी ने आगे बताया कि लूट की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें बनाईं थीं। साथ ही संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालते हुए कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी हासिल किए थे।
डीसीपी ने कहा कि इसके बाद खुफिया सूचना मिलने पर पुलिस ने जाल बिछाया और 17 नवंबर को तीन आरोपियों मोहम्मद साजिद (23), मोहम्मद शोएब (19) और मोहम्मद राशिद (22) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली और लूट में शामिल अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बता दिए। उनसे मिली जानकारी के बाद पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों मोहम्मद अयान (19), मोहम्मद आफताब (22) और मोहम्मद अल्ताफ (24) को भी गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी के अनुसार, ‘सभी आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं और विभिन्न अपराधों के मामले में कई महीनों तक जेल में बंद रहने के बाद हाल ही में वहां से बाहर आए थे। जिसके बाद आरोपियों ने एक हिल स्टेशन पर जाकर बर्फबारी का मजा लेने के बारे में सोचा। लेकिन पैसे किसी के भी पास नहीं थे। ऐसे में उन्होंने शॉर्टकट से पैसा कमाने के लिए डकैती करने का फैसला किया।’
इसके लिए उन्होंने बाजार के एक परिचित से मिली अंदरूनी जानकारी के आधार पर किराना व्यापारी मुकेश को निशाना बनाया। अधिकारी ने बताया कि अपराध को करने से पहले गिरोह ने डकैती की पूरी योजना बनाई, इसके बाद रैकी करते हुए बाइक और देसी पिस्तौल का इंतजाम किया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने लूटे गए 50 हजार रुपयों में से 35,200 रुपए, एक बाइक और एक देसी पिस्तौल बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने इलाके के अन्य दुकानदारों को भी लूटने की योजना बनाई थी, लेकिन इसे अंजाम देने से पहले ही वे पकड़ा गए।