फाइनल मैच के बीच खिलाड़ियों में बवाल, अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिचेल को मारी गेंद

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत खराब रही और 72 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसने अपने आधे विकेट गंवा दिए थे।

न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में उस समय हल्का विवाद देखने को मिला जब भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और बल्लेबाज डेरिल मिचेल के बीच कहासुनी हो गई।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, अर्शदीप सिंह 11वां ओवर डाल रहे थे। पहली गेंद पर मिचेल सैंटनर ने एक रन लिया, जबकि अगली दो गेंदों पर डेरिल मिचेल ने लगातार दो छक्के जड़ दिए। चौथी गेंद वाइड रही। इसके बाद दोबारा डाली गई चौथी गेंद पर मिचेल ने एक्स्ट्रा कवर की दिशा में शॉट खेला, लेकिन रन नहीं बन सका।

पांचवीं गेंद पर मिचेल ऑफ स्टंप के बाहर जाकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन गेंद सीधे अर्शदीप सिंह के पास पहुंच गई। अर्शदीप ने गेंद उठाकर सीधे मिचेल की ओर थ्रो कर दिया। गेंद लगते ही मिचेल नाराज हो गए और अर्शदीप की ओर बढ़ने लगे। वहीं अर्शदीप थ्रो करने के बाद अपने रन-अप की ओर लौटने लगे।

सूर्यकुमार यादव ने किया बीच बचाव

स्थिति को देखते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बीच-बचाव के लिए पहुंचे और मिचेल को शांत कराया। वहीं फील्ड अंपायर ने भी अर्शदीप सिंह से बात की। हालांकि ओवर खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने आपस में हाथ मिलाकर मामला वहीं खत्म कर दिया। इस मुकाबले में डेरिल मिचेल बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे सके। वह 11 गेंदों में 17 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *