अंतर्राष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई: रूपिंदर सिंह उर्फ पाब्लो गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े छत्तीसगढ़ के प्रमुख सप्लायर रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो को पुलिस ने रायपुर के कबीरनगर थाना क्षेत्र के वीर सावरकर नगर स्थित बंगाली होटल के पास से हेरोइन (चिट्टा) के साथ दबोच लिया।

पाकिस्तान से होती थी सप्लाई
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते हेरोइन की खेप मिलती थी, जिसे वह छत्तीसगढ़ लाकर रायपुर, बिलासपुर और धमतरी समेत कई जिलों में सप्लाई करता था। आरोपी नेटवर्क संचालन के लिए विभिन्न छद्म नामों, अंतर्राष्ट्रीय वर्चुअल नंबरों और व्हाट्सएप कॉलिंग का सहारा लेता था।

भारी मात्रा में ड्रग्स और हथियार बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 91 ग्राम अफीम, 87 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), एक देशी पिस्टल और 82 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।

अब तक 42 आरोपी गिरफ्तार
“ऑपरेशन निश्चय” के तहत अब तक इस नेटवर्क से जुड़े 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब 2 करोड़ 11 लाख रुपये का हेरोइन बरामद किया गया है। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीरनगर थाना टीम की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

परिवार तक फैला नेटवर्क
आरोपी रूपिन्दर सिंह की मां रानो ढिल्लन को भी पहले से दर्ज आमानाका थाना प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है। वहीं इस मामले में नौशाद खान, मोहम्मद खान और अरबाज खान को भी एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़ा गया है।

पहले भी रह चुका है जेल
मुख्य आरोपी रूपिन्दर सिंह पहले भी रायपुर में नारकोटिक एक्ट और पंजाब में आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। कई मामलों में फरार रहने के कारण पुलिस अब उस पर सख्त निगरानी रख रही है।

पुलिस का सख्त संदेश
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा है कि नशे के कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अंतर्राज्यीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जुड़े ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *