लुधियाना में AAP की जीत के बीच तरन तारन से दुखद खबर: 5वीं बार होगा उपचुनाव

पंजाब की तरन तारन विधानसभा सीट के विधायक कश्मीर सिंह सोहल का निधन हो गया है। वह कैंसर से पीड़ित थे और अमृतसर के ही एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गंभीर बीमारी से लंबी लड़ाई के बाद वह शुक्रवार को जिंदगी की जंग हार गए। उनका 66 साल की उम्र में निधन हुआ है। हाल ही में आए उपचुनाव के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी। लेकिन अब सोहल के निधन के बाद राज्य में एक बार फिर से उपचुनाव कराना होगा। कश्मीर सिंह सोहल के परिवार में उनकी पत्नी नवजोत कौर हुंदाल, बेटा और एक बेटी हैं।

उनके दोनों ही बच्चे मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में कश्मीर सिंह सोहल ने शिरोमणि अकाली दल के हरमीत सिंह संधू और डॉ. धर्मवीर अग्निहोत्री को शिकस्त दी थी, जो कांग्रेस से मैदान में थे। 2017 में भी सोहल ने आम आदमी पार्टी कैंडिडेट के तौर पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। तब भी वह तरन तारन सीट से ही उतरे थे। वह खुद भी पेशे से डॉक्टर थे और डॉक्टर्स एसोसिएशन से भी वह जुड़े रहे थे। उन्हें कैंसर की बढ़ती समस्या के चलते गुरुवार और शुक्रवार की रात को एस्कॉर्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहीं पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

पंजाब के चीफ मिनिस्टर भगवंत मान ने कश्मीर सिंह सोहल के निधन पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के बहुत मेहनती नेता थे। मान ने लिखा कि डॉ. साहेब के निधन से बहुत दुख पहुंचा है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे। इसके अलावा ऐसे कठिन वक्त को सहने की परिवार को शक्ति मिले। भगवंत मान सरकार के गठन के बाद राज्य में 5वीं बार विधानसभा के उपचुनाव की नौबत आई है। अगले 6 महीने के अंदर ही चुनाव आयोग को उपचुनाव का ऐलान करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *