मोहित सूरी के डायरेक्शन में बनी फिल्म सैयारा बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर रही है। फिल्म 300 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है। फैंस के अलावा क्रिटिक्स, स्टार्स ने भी इस फिल्म की जमकर तारीफ की। आलिया भट्ट, श्रद्धा कपूर जैसी लीडिंग एक्ट्रेस ने सैयारा की तारीफ करते हुए इसे खास फिल्म बताया। लेकिन अब मोहित सूरी ने इन दोनों एक्ट्रेस की तारीफ को बायस्ड बता दिया। उन्होंने हाल में ऑडियंस और फिल्म सेलेब्रिटीज से फिल्म को मिल रहे प्यार पर बात की। मोहित ने आलिया और श्रद्धा को खुलकर बायस्ड बताया।
बायस्ड हैं श्रद्धा कपूर और आलिया भट्ट
हाल में आलिया भट्ट और श्रद्धा कपूर ने फिल्म सैयारा की तारीफ की थी। अब जूम को दिए एक इंटरव्यू में मोहित सूरी ने कहा, “वो दोनों बायस्ड हैं। दोनों ने तो टीजर से ही फिल्म को सपोर्ट करना शुरू कर दिया था। वो मेरे प्रति बायस्ड हैं, लेकिन इस बात की ज्यादा अहमियत है कि बाकी दुनिया ने भी इस फिल्म को उतना ही प्यार दिया जितना उन्होंने।”
आलिया का रिएक्शन आज भी है याद
बातचीत के दौरान मोहित ने बताया कि कैसे आलिया भट्ट ने उनके करियर की शुरुआती फिल्म वो लम्हे के गाने को लेकर पॉजिटिव रिएक्शन दिया था, जब वो बहुत छोटी थीं और इंडस्ट्री में नहीं आई थीं। मोहित बोले, “मुझे याद है जब आलिया छोटी थी, तो मैं अपनी पहली फिल्म का वीडियो महेश भट्ट साहब को दिखाने गया था ‘वो लम्हे वो बातें’ का। भट्ट साहब को उतना समझ नहीं आया, लेकिन आलिया बोली ‘पापा, ये बहुत कूल है, मैं बता रही हूं।’ उस वक्त वो फिल्मों में थी भी नहीं, लेकिन उसमें वो समझ पहले से थी। वो हम सब से ज्यादा कमर्शियल सोच रखती है।” मोहित ने बताया कि आलिया हमेशा से उनकी फिल्में ‘मलंग’, ‘आशिकी 2’ में उनके काम को देखती रही है, और मैंने भी उसका काम देखा है।”