दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर दूसरे नेताओं के मुकाबले कम सक्रियता के आरोप लग रहे हैं। विपक्ष पार्टियों, सोशल मीडिया यूजर्स और कई बार दबी जुबान में ‘आप’ के नेता-कार्यकर्ता भी उनकी ‘चुप्पी’ को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। अब केजरीवाल सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी राघव चड्ढा को लेकर ऐसा कुछ कहा जो वायरल हो गया है।
दरअसल, एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में सौरभ भारद्वाज ने हल्के-फुल्के अंदाज में राघव पर टिप्पणी की। भारद्वाज से पूछा गया था कि राघव चड्ढा इतने चुप क्यों हैं? इसके जवाब में हंसते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘शादी-वादी हुई है, शादी के बाद अच्छे-अच्छे शांत हो जाते हैं। शादी का ही इफेक्ट है। आदमी थोड़ा पारिवारिक हो जाता है, घूमना-फिरना शुरू हो जाता है। ठीक है, उसकी उमर है, उसको इंजॉय करना चाहिए। हालांकि, उन्होंने स्वाति मालीवाल की तरह राघव चड्ढा के अलग राह चुनने की आशंका को अफवाह बताया।
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में राघव चड्ढा ने एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा से शादी की थी। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद राघव चड्ढा लंबे समय तक ब्रिटेन में थे। बताया गया था कि उनकी आंखों की सर्जरी हुई थी और उन्हें कुछ समय आराम की सलाह दी गई थी। हालांकि, वह सोशल मीडिया के जरिए पार्टी का पक्ष रखते रहे। लेकिन कई बार उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें लगीं।
लोकसभा चुनाव के दौरान 21 दिनों की अंतरिम जमानत पर निकले अरविंद केजरीवाल से भी उनके जेल जाने के बाद राघव चड्ढा समेत कुछ सांसदों की ‘चुप्पी’ को लेकर सवाल पूछे गए थे। हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा था कि पार्टी में 2-3 लोग नहीं है, हजारों-हजारों हैं और सभी सड़कों पर थे। एक अन्य इंटरव्यू में उन्होंने इसे पार्टी का अंदरुनी मामला बताते हुए कहा था कि यह उनकी पार्टी का मसला है और वह निपट लेंगे।