उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सशक्तीकरण और सम्मान के लिए चल रहे मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत हरदोई में पुलिस स्कूलों में बच्चे-बच्चियों की शिकायतों का भी खूब निपटारा कर रही है। हरदोई में स्कूलों में पिंक बॉक्स लगाए गए हैं जिनमें स्कूली बच्चे और बच्चियां नाम के साथ या गुमनाम रहते अपनी शिकायतें डाल सकते हैं। नवंबर महीने में हरदोई के अलग-अलग थानों में कुल 12 बच्चों की शिकायतें आईं जिनका पुलिस ने प्यार से समाधान कर दिया है। हरदोई पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर शिकायतों की जो जानकारी दी गई है उसमें स्कूल में टीचर के हाथों पिटाई से लेकर पेंसिल को छीलकर नुकीली बनाने के काम आने वाले शॉर्पनर की चोरी तक के मामले शामिल हैं।
हरदोई के एसपी ने जिले के सभी थानों को अपने क्षेत्र के अंदर स्कूलों में पिंक पेटिका लगाने कहा था। स्कूल में बच्चे-बच्चियों से मिलकर पुलिस ने कहा था कि अगर उनके साथ कोई गलत बात हो रही हो या उनकी जानकारी में किसी और के साथ हो रही हो तो इस बॉक्स में वो अपनी शिकायत या सूचना डाल सकते हैं। हर थाने को बुधवार को दिन इन पिंक बॉक्स में आई शिकायतों को चेक करने और निराकरण करने कहा गया है। नवंबर में कोतवाली थाना में 7, माधौगंज में 2, बिलग्राम, मल्लावां और बेहटा गोकुल थाने में 1-1 शिकायतें पिंक बॉक्स में आईं।
बिलग्राम के एक स्कूल की बस में बच्चों के साथ भेदभाव की शिकायत आई तो मल्लावां थाना के स्कूल से एक बच्चे ने शिकायत की है कि स्कूल में उससे लेटर पर बिना पढ़ने दिए हस्ताक्षर करवा लिया जाता है। माधौगंज थाने के दो स्कूलों में गणित का पहाड़ा ना सुनाने और सवाल का जवाब ना देने पर पिटाई की शिकायत की गई है। बेहटा गोकुल थाने के एक स्कूल से बच्चे ने शिकायत की है कि बच्चे आपस में काफी गाली-गलौज करते हैं जिससे माहौल खराब होता है।
बाकी सात शिकायतें कोतवाली शहर थाना के एक ही स्कूल की हैं। इनमें एक शिकायत तो यह भी है कि एक छात्रा ने शिकायत करने वाले का शार्पनर चुरा लिया है। एक ऐसे बच्चे की शिकायत हुई है जो बाकी सबको पीटता है। दूसरे एक ऐसे बच्चे ने शिकायत की है जिसे उसकी क्लास के बाकी बच्चे परेशान करते हैं। किसी ने शिकायत की है कि उसकी क्लास में कौन-कौन लड़के-लड़कियां हैं जिनकी बातचीत से बहुत शोरगुल होता है। बाकी शिकायतें मार-पिटाई की हैं।