‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ पर राज्य से चर्चा की शिवराज ने

नयी दिल्ली, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ पर सोमवार को विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ विचार-विमर्श किया और ‘एक राष्ट्र, एक टीम, एक कृषि’ की धारणा से काम करने की अपील की।
श्री चौहान ने यहां अपने कार्यालय से ऑनलाइन से राज्यों के कृषि मंत्रियों से बातचीत की और आगामी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने राज्यों के कृषि मंत्रियों को 29 मई से 12 जून तक चलने वाले इस देशव्यापी अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ एक बहुत बड़ा प्रयास है। इसका उद्देश्य किसानों की खेती को फायदे में बदलना, खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाना, देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, अनाज, दालें, फल, सब्जियों उनके भंडार भरना और पोषणयुक्त आहार देश की जनता को उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि
कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। लगभग आधी आबादी की आजीविका कृषि पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि किसानों की हितों की पूर्ति की बड़ी जिम्मेदारी राज्यों के ऊपर है, इसलिए मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए।
श्री चौहान ने सभी राज्यों से ‘एक राष्ट्र, एक कृषि, एक टीम’ की धारणा से आगे बढ़ते हुए इसी खरीफ की बुआई से पहले उत्पादन बढ़ाने की दिशा में इस अभिनव अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *