अपनी ही पुलिस के खिलाफ सीतापुर बीजेपी MLA बैठे धरने पर,

सीतापुर  में अपनी ही पुलिस के खिलाफ सेवता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी धरने पर बैठ गए। आरोप लगाया है कि उनकी दुकान पर दो दर्जन लोगों ने गुरुवार की रात अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है। सामान भी उठा ले गए हैं। रेउसा बहराइच रोड पर दुकान स्थित है। किराए पर उन्होंने दुकान ले रखी है। दुकान के ऊपर मकान है। नीचे वह खुद खाद बीज की दुकान किए हैं। विधायक और पुलिस के बीच दो घंटे से नोंकझोक चल रही है।

रेउसा कस्बे के अटल चौक पर उनका धरना चल रहा है। दो ओर से रास्ता ब्लाक है। पुलिस नाराजगी दूर करने में जुटी है लेकिन वह नहीं मान रहे। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने तीन बार फोन करने के बाद भी फोन नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि मैं लखनऊ से चला आया लेकिन पुलिस अभी तक नहीं पहुंची। रात में ही जानकारी देने का प्रयास किया। पुलिस कोई लंदन में थोड़े थी। उन्होंने कहा कि यह काम सपा की सरकार में हो रहा था। भाजपा की सरकार में हो रहा है। ऐसे नहीं चलेगा। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। 

इस बीच विधायक के धरने की खबर सुनकर उनके साथ सैकड़ों सर्मथक वाहनों के काफिले के साथ मौके पर पहुंच गए। कई थानों की पुलिस रेउसा कस्बे में पहुंच गई। इससे कस्बे में जाम लग गया। बहराइच और सीतापुर मार्ग काफी देर से बंद रहा लेकिन पुलिस ने थोड़ा रास्ता देकर वाहनों को निकलने दिया। खबर लिखे जाने तक धरना चल रहा है। एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *