पखांजुर. महिला एवं बाल विकास विभाग ने गुरुवार को मंडी प्रांगण में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया। इसमें पखांजूर परियोजना के 25 और कोयलीबेड़ा परियोजना के 25, कुल 50 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।सबसे पहले दूल्हों को मंडी स्थल से महिला एवं बाल विकास विभाग के पखांजूर कार्यालय लाया गया। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण साहा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मोनिका साहा और अन्य पार्षदों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी 50 दूल्हों की बारात निकली। नगर पंचायत अध्यक्ष, पार्षदों और नगरवासियों ने पारंपरिक गाड़ा बाजा की धुन पर नाचते-गाते नगर भ्रमण किया और विवाह स्थल मंडी प्रांगण पहुंचे।
विधायक विक्रमदेव उसेंडी और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने दूल्हों का स्वागत किया। सभी दूल्हों को उनके नंबर के अनुसार विवाह बेदी में बैठाया गया। विधायक विक्रमदेव उसेंडी ने नवदंपतियों को बधाई दी और सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से दी जाने वाली नगद राशि का उपयोग विवाह पार्टी में न कर रोजगार में करें, ताकि आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। उन्होंने कहा कि आजकल लोग शादी में दिखावे पर ज्यादा खर्च कर देते हैं, जिससे परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हो जाता है। सामूहिक विवाह एक अच्छा विकल्प है। समाज को भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि गरीब परिवार कम खर्च में विवाह कर सकें। नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण साहा ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं और जल्द ही विवाह प्रमाण पत्र जारी करने का आश्वासन दिया।