कांकेर / देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार जलवायु एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की जाएगी। राज्य शासन के निर्देशानुसार ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0‘ महाभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा वृक्षारोपण महाअभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में आगामी बुधवार 23 जुलाई को पूरे जिले में पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि यह महाभियान वर्षाकाल में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। इसके तहत वृक्षारोपण का कार्य जिले भर में विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घर, स्कूल, आश्रम, छात्रावास परिसर और तालाबों एवं सड़कों के किनारे शामिल हैं। इसके लिए स्थलों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान का एक विशेष केंद्र जिले के सभी 2140 आंगनबाड़ी केंद्र होंगे, जहां महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं और सुपोषण वाटिका के लिए पौधे रोपे जाएंगे, जो इस पहल को सीधे तौर पर मातृत्व और पोषण से जोड़ता है। जिला पंचायत सीईओ ने कार्यक्रम की सफलता के लिए इसमें जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्वसहायता समूहों, स्थानीय कर्मचारियों और सभी हितग्राहियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्हांने कहा कि यह महाभियान न केवल पर्यावरण के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है, बल्कि इसमें जनभागीदारी का एक अनूठा संगम भी देखने को मिलेगा।