ओडिशा में रफ्तार का कहर, तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

ओडिशा में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग बुरी तरह घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक ये दुर्घटनाएं भद्रक और सोनपुर जिलों में हुई है. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक जाजपुर जिले के छटिया के पास एनएच-16 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. एक बस ने मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी. 

दुर्घटना के बाद बस मोटरसाइकिल को कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई जिससे बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही जान चली गई. हालांकि इस टक्कर के बाद बस में आग लग गई, लेकिन समय रहते सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे.

पुलिस ने बस और बाइक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए बराचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है. वहीं हादसे को लेकर बराचना थाना प्रभारी श्रीकांत बारिक ने बताया कि मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है.

दूसरी सड़क दुर्घटना भद्रक में हुई जहां चांदबली इलाके में एक तेज रफ्तार एसयूवी ने पहले ऑटोरिक्शा, फिर एक खड़ी स्कूटर और साइकिल को टक्कर मार दी. इस हादसे में ऑटोरिक्शा चालक और साइकिल सवार घायल हो गए. 

पुलिस के अनुसार, एसयूवी की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

तीसरा हादसा सोनपुर में हुआ है जहां बिनिका थाना क्षेत्र में रविवार रात दो दोस्तों की बाइक को दूसरी मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी. इस टक्कर में दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *