नबरंगपुर/रायघर, नबरंगपुर जिले के रायघर प्रखंड स्थित मिनी स्टेडियम परिसर में दिनांक 30/10/2025 को कलार समाज द्वारा श्री श्री श्री राजराजेश्वर सहस्रार्जुन भगवान की जयंती बड़े ही धूमधाम, धार्मिक आस्था तथा सांस्कृतिक गरिमा के साथ भव्य रूप से आयोजित की गई। प्रातःकालीन शोभायात्रा से लेकर संध्या सम्मान समारोह तक यह उत्सव सामाजिक एकता और संगठन का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आया।

प्रातः काल में रायघर जगन्नाथ मंदिर प्रांगण से पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़े, निशान, स्वदेशी साज-सज्जा तथा भगवान सहस्रार्जुन की सुसज्जित रथ के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के उपरांत शोभायात्रा माँ कलशी ठाकुरानी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की गई और तत्पश्चात सभा स्थल पहुँची। शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, किशोर- किशोरियों एवं बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मंच संचालन एवं अतिथियों का स्वागत श्री श्यामलाल कलार द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
रामनाथ कलार – जिला अध्यक्ष, कलार समाज
द्रुजधन मांझी – जिला सचिव
दशमत पोया – ब्लॉक अध्यक्ष, रायघर
नरेन्द्र मांझी – अध्यक्ष, कलचुरी सेना
सुधर्शन मांझी – विधायक प्रतिनिधि
प्रीतिसिद्धा महापात्र – सांसद प्रतिनिधि
मुख्य अतिथि श्री रामनाथ कलार ने कलार समाज के इतिहास, विकास यात्रा, सांस्कृतिक धरोहर, परंपरा, त्याग और तपस्या पर प्रकाश डालते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं युवा वर्ग द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिनमें नृत्य, गीत, नाट्य एवं सामुदायिक संगीतमय प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। समाज के वरिष्ठ नागरिकों, पूर्व पदाधिकारियों, सेवा निवृत्त समाजसेवियों एवं वर्षों से समाजिक योगदान देने वालों को मानपत्र, शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कलार समाज द्वारा प्राप्त आँकड़ों के अनुसार इस जयंती उत्सव में नबरंगपुर सहित रायघर, उमरकोट, झरीगाँव एवं डाबुगाँव ब्लॉक मिलाकर लगभग 10,000 से अधिक लोगों की भव्य सहभागिता दर्ज की गई। सभी आयु वर्ग के लोगों की उपस्थिति ने इस उत्सव को विशेष एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। समाज की भाईचारा, सौहार्द और कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने की भावना इस आयोजन की प्रमुख विशेषता रही।