जहर खाकर थाने पहुंची युवती की मौत पर तगड़ा ऐक्शन, एसपी ने थानाध्यक्ष को किया सस्पेंड

यूपी के पीलीभीत में जहर खाकर थाने पहुंची युवती की मौत के मामले में तगड़ा ऐक्शन हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने अमरिया थानाध्यक्ष बृजवीर सिंह को सस्पेंड कर दिया है। पूरे मामले की जांच एसपी अविनाश पांडेय ने सीओ सिटी और सीओ सदर को दी थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद थानाध्यक्ष को हटा दिया गया है। एसपी की इस कार्रवाई से थाने के अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है।

बुधवार रात में अमरिया थाना क्षेत्र की एक युवती ने आठ माह पहले इसी गांव के एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। कोई साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने पुलिस ने तीन माह पूर्व मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। एफआर लगने की जानकारी मिलने पर युवती ने पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप लगाया। बुधवार को युवती को जानकारी मिली कि आरोपी युवक दूसरी जगह शादी कर रहा है। इस पर युवती थाने पहुंची और पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने समझाना चाहा तो युवती ने थाने आने से पूर्व जहर खा लेने की बात कही। इसके बाद अमरिया पुलिस ने युवती को पुलिस जीप से लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।

युवती की तबीयत बिगड़ने पर बुधवार रात को उसे बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान गुरुवार तड़के सवा तीन बजे युवती की मौत हो गई। इस मामले में युवती की मौत से पूर्व का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवती पुलिस पर आरोपी को बचाने और उसे धमकाने का गंभीर आरोप लगा रही थी। युवती के वायरल वीडियो की जांच सीओ सिटी को सौंपी गई थी। एसपी अविनाश पांडेय से शुक्रवार को सीओ सदर और सीओ सिटी को मामले में जांच रिपोर्ट यथाशीघ्र देने को कहा। जांच रिपोर्ट आने पर एसपी ने अमरिया थानाध्यक्ष बृजवीर सिंह को निलंबित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *