राष्ट्रपति भवन में दिखाए अपनी प्रतिभा: वैदिक इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने राष्ट्रपति भवन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, और रायगढ़ की शैक्षणिक प्रतिभा को दिखाया

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक मानचित्र पर एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। वैदिक इंटरनेशनल स्कूल, रायगढ़ के लिए यह सप्ताह गर्व और गौरव का रहा, जब विद्यालय के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल एवं विद्यालय के मेधावी छात्रों को भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। यह सौजन्य भेंट केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र सृजनात्मकता और समग्र विकास के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान था। महामहिम राष्ट्रपति ने छात्रों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति की दिशा में प्रेरित किया। यह आमंत्रण न केवल वैदिक इंटरनेशनल स्कूल के लिए, बल्कि पूरे रायगढ़ और छत्तीसगढ़ राज्य के लिए भी गौरव का क्षण है। यह दर्शाता है कि छोटे शहरों और कस्बों की प्रतिभाएं अब राष्ट्रीय मंचों पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं। यह सम्मान स्थानीय शिक्षा व्यवस्था को एक नई दिशा और ऊर्जा देने का कार्य करेगा। वैदिक इंटरनेशनल स्कूल सिर्फ रायगढ़ तक सीमित नहीं रहा। बीते वर्षों में इसने संबलपुर, बरगढ़ और हाल ही में रायपुर जैसे शहरों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज की है।

अपने ‘गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रणाली’ के कारण यह विद्यालय पूर्वी भारत के प्रमुख शैक्षणिक ब्रांड के रूप में उभर रहा है। विद्यालय के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा, “यह सम्मान हमारे शिक्षकों की कड़ी मेहनत, छात्रों की लगन और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। यह हमें और बेहतर करने की प्रेरणा देता है।”

बहरहाल वैदिक इंटरनेशनल स्कूल की यह उपलब्धि न केवल एक विद्यालय की सफलता है, बल्कि यह उस बदलते भारत की तस्वीर है, जहाँ प्रतिभा अब किसी भूगोल की मोहताज नहीं। रायगढ़ से राष्ट्रपति भवन तक का यह सफर प्रेरणा है उन सभी के लिए, जो शिक्षा को बदलाव का माध्यम मानते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *