बचपन का ऐसा प्यार! नोएडा में 12 साल के लड़के को लेकर भाग गई 15 साल की लड़की

नोएडा में किशोरावस्था में प्रेम-प्रसंग का ऐसा मामला सामने आया है जिसमें 15 साल की एक लड़की 12 साल के लड़के को लेकर घर से भाग गई है। मामला थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के गांव बिशनपुरा का है। किशोरी इससे पहले भी उसी लड़के को लेकर भागी थी। लड़की मंगलवार शाम उस समय दोबारा फरार हुई, जब उसके अभिभावक बेटी की बुरी आदतों के चलते नोएडा छोड़कर बिहार जाने को तैयार थे। पिता ऑटो लेने निकले थे और वह मां व छोटी बहन को चकमा देकर गायब हो गई। दो बार किशोरी को बरामद कर चुकी पुलिस एक बार फिर खोजने में जुट गई है।

मूलरूप से बिहार के जिला दरभंगा के रहने वाले पीड़ित ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 15 वर्ष और छोटी बेटी 12 वर्ष की है। करीब चार वर्ष पहले बेटियों को पढ़ाने के लिए वह नोएडा आए थे। गांव बिशनपुरा में किराए पर एक कमरा लिया। बेटियों को अच्छी शिक्षा देने के लिए पति-पत्नी ने एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करना शुरू कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि फरवरी 2024 में बड़ी बेटी पड़ोस में रहने वाली दो और नाबालिग लड़कियों को अपने साथ लेकर चली गई। पुलिस ने खोजबीन करके करीब एक सप्ताह बाद वृंदावन से बरामद कर लिया। वह घर से 50 हजार रुपये ले गई थी। जयपुर में घूमने के बाद वृंदावन पहुंच गई थी। पुलिस के मुताबिक करीब 15 दिन पहले भी किशोरी पड़ोस में रहने वाले 12 वर्षीय किशोर के संग लापता हो गई थी। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बरामद किया। पिता ने पुलिस को बताया कि अब उन्होंने नोएडा छोड़ने का निर्णय लिया है।

मंगलवार शाम वह परिवार सहित दरभंगा जाने के लिए निकलने वाले थे। वह ऑटो लेने के लिए निकले थे। पत्नी और छोटी बेटी घर का सामान पैक कर रही थीं, तभी बड़ी बेटी चकमा देकर चली गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला 12 वर्षीय किशोर भी गायब है। आशंका जताई जा रही है कि इस बार वह किशोर को भी अपने साथ ले गई है। एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र का कहना है कि किशोरी को खोजने के लिए टीम गठित कर दी है। जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *