सुनील ग्रोवर ने बताया कैसा होगा द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 2, बोले- हम अमीर हो गए हैं

द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो के टेलीकास्ट की डेट अनाउंस हो चुकी है। इस बीच शो की टीम काफी एक्साइटेड है। शो 21 सितंबर से देखा जा सकेगा। सुनील ग्रोवर ने बताया है कि पहले सीजन की तुलना में दूसरे सीजन में दर्शकों को क्या फर्क दिखेगा। उन्होंने बताया कि कुछ नए किरदार होंगे, सेट बदला होगा साथ ही टीम पहले से अमीर दिखाई देगी।

आईएएनएस से बातचीत में सुनील ग्रोवर ने बताया, ‘सेकंड सीजन का फॉर्मैट सिमिलर है और यह सीजन 1 के आगे का भाग ही है। हम नए कैरेक्टर्स, नए गेस्ट लाएंगे। हमारे कपड़े पहले से ज्यादा कलरफुल होंगे। साथ ही अर्चनाजी को इस सीजन में नया स्टाइलिस्ट मिल गया है। थोड़ा शो अमीर हो गया है तो हम भी अमीर हो गए हैं।’

वहीं अर्चना पूरन सिंह ने बताया, ‘कुछ नया होगा, कुछ पहले जैसा। देखिए हमें समझना होगा कि यह जनता का शो है, हम शो का कॉन्टेंट और फॉर्मैट पूरी तरह नहीं बदल सकते क्योंकि दर्शकों को लगेगा कि शो की आत्मा मर गई। हमें उसी बाउंड्री में रहकर काम करना है। लेकिन इतना वादा करती हूं कि ये सीजन पहले से ज्यादा बड़ा, बोल्ड और फनी होगा।’ द ग्रेट इंडियन कपिल शो 21 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकेगा। इसमें कपिल शर्मा, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, सुनील ग्रोवर और राजीव ठाकुर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *