‘धुरंधर’ के डायलॉग पर सनी देओल ने किया रिएक्ट, बोले- मेरी घायल और घातक जैसी फिल्में..

68 साल की उम्र में भी दमदार एक्शन अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने वाले सनी देओल एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म बॉर्डर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों से जबरदस्त सराहना बटोरी। लेकिन फिल्म की सफलता का जश्न मुंबई में मनाने के बजाय सनी देओल कुछ समय के लिए शहर से दूर निकल गए। अब उन्होंने खुद इस ब्रेक के पीछे की वजह साझा की है।

एक इंटरव्यू में सनी देओल ने बताया कि ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज के कुछ दिनों बाद उन्होंने महसूस किया कि उन्हें थोड़ा आराम चाहिए। वह मनाली चले गए, जहां उन्होंने बर्फबारी का आनंद लिया और सुकून के पल बिताए। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने मनाली में ही ‘बॉर्डर 2’ का एक खास शो भी आयोजित किया। सनी ने कहा कि हर फिल्म में कलाकार अपनी पूरी मेहनत लगाता है, लेकिन जब वही फिल्म लोगों के दिलों को छू लेती है तो उसका सुकून अलग ही होता है।

सनी देओल ने बताया कि इस सफर के दौरान वह कई जगहों पर गए, ढाबों और छोटे होटलों में रुके और उस लोकेशन पर भी पहुंचे जहां पहली ‘बॉर्डर’ की शूटिंग हुई थी। उस पहाड़ी पर दोबारा खड़े होकर उन्हें बेहद भावुक अनुभव हुआ। सनी देओल ने यह भी साझा किया कि इस दौरान उन्हें रास्ते में कई फैंस मिले, जिन्होंने फिल्म को दूसरी बार देखने की बात कही।

फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाते हुए उन्होंने महसूस किया कि दर्शकों का प्यार ही उनकी असली ताकत है। इंटरव्यू में सनी से फिल्म ‘धुरंधर’ के एक डायलॉग ‘घायल हूं इसलिए घातक हूं’ के बारे में भी पूछा गया, जो उनकी पुरानी फिल्मों घायल और घातक की याद दिलाता है। इस पर सनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि फिल्म के डायरेक्टर उनके बड़े फैन हैं और यह डायलॉग सम्मान के तौर पर रखा गया है।

सनी देओल की अपकमिंग फिल्म

अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर भी सनी देओल ने उत्साह जताया। उन्होंने बताया कि उनकी कई फिल्में पाइपलाइन में हैं, जिनमें ‘लाहौर 1947’ भी शामिल है। संभव है कि फिल्म का टाइटल बदला जाए, लेकिन इसे 15 अगस्त के मौके पर रिलीज करने की योजना है। साफ है कि सनी देओल का जोश आज भी बरकरार है और वह लगातार दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *