सुप्रीम कोर्ट ने संभल जामा मस्जिद के सर्वे केस को इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दिया है। स्थानीय अदालत के सर्वे आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय गए मुस्लिम पक्ष को सर्वोच्च न्यायालय ने हाईकोर्ट में अपील करने और उच्च न्यायालय को अपील के तीन दिन के अंदर सुनवाई करने का निर्देश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत को हाईकोर्ट में सुनवाई तक कोई कदम ना उठाने का निर्देश दिया है। उधर 24 नवंबर की हिंसा के बाद पहले जुमा के मद्देनजर संभल और आस-पास के जिलों में पुलिस अलर्ट है। संभल शहर को 18 हिस्सों में बांटकर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। हिंसा के आरोपियों में शामिल सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और विधायक पुत्र सुहेल इकबाल समेत 159 लोगों को लाखों रुपये से मुचलका पाबंद किया गया है। वहीं, कोर्ट कमिश्नर ने संभल कोर्ट में सर्वे रिपोर्ट पेश करने के लिए और समय मांगा है। 8 दिसंबर तक रिपोर्ट पेश करने कहा गया है और अगली सुनवाई 8 जनवरी को होगी।