टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक काफी रोमांचक साबित हो रहा है। टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में ही जिम्बाब्वे टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने एक दिलचस्प संयोग साझा करते हुए भारत को इस बार का संभावित चैंपियन बता दिया है।
दरअसल, यह पहला अवसर नहीं है जब जिम्बाब्वे ने वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को मात दी हो। इससे पहले भी दो बार ऐसा हो चुका है और खास बात यह है कि उन दोनों मौकों पर भारत ने वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था।
सहवाग ने बताया दिलचस्प संयोग
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए सहवाग ने बताया कि 1983 के वनडे वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। उसी साल टीम इंडिया ने पहली बार विश्व कप जीता था। उस ऐतिहासिक जीत में कप्तान कपिल देव की अहम भूमिका रही थी। इसके बाद 2007 के पहले टी20 वर्ल्ड कप में भी जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था। उस टूर्नामेंट में भारत ने एमएस धोनी की कप्तानी में ट्रॉफी उठाई थी। अब 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है, जिससे इतिहास दोहराने की चर्चा तेज हो गई है।
क्या लगातार दूसरा खिताब जीतेगा भारत?
गौरतलब है कि 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में खिताब जीता था। ऐसे में अगर टीम इंडिया इस बार भी ट्रॉफी जीतती है तो यह उसका लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब होगा।
2026 में भारत का अब तक का प्रदर्शन
अब तक भारत ने दो लीग मैच खेले हैं USA और नामीबिया के खिलाफ। टीम इंडिया ने ये मुकाबले क्रमशः 29 और 93 रनों से अपने नाम किए हैं। अब मेन इन ब्लू का अगला मुकाबला 15 फरवरी, रविवार कोपाकिस्तान के खिलाफ है, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि सहवाग का यह संयोग इस बार सच साबित होता है या नहीं।