स्वाति मालीवाल ने अब कालकाजी जाकर आतिशी पर किया बड़ा हमला, टूटी गलियों की तस्वीरें दिखा घेरा

आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अब दिल्ली की मुख्यमंंत्री आतिशी की विधानसभा सीट कालकाजी का दौरा कर मुख्यमंत्री और पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। स्वाति ने गली-गली घूमकर इलाके का हाल देखा और लोगों से बात कर उनकी पीड़ा को समझा। ‘आप’ सांसद ने कहा कि यहां के लोग नर्क की जिंदगी जी रहे हैं।

स्वाति मालीवाल ने कहा, “आज दिल्ली की हालत बहुत बदहाल हो चुकी है। आप किसी अमीर कॉलोनी में चले जाइए या किसी गरीब बस्ती में, हर जगह सड़कें टूटी पड़ी हैं, कूड़े के बड़े-बड़े पहाड़ इकट्ठा हो गए हैं। मैं कालकाजी विधानसभा गई, जो मुख्यमंत्री का अपना विधानसभा क्षेत्र है। वहां हालात इतने खराब हैं कि सारी सड़कें टूटी पड़ी हैं। हर दिन कई बुजुर्ग और बच्चे गिर रहे हैं। वहां की हालत इतनी खराब है कि अगर कोई महिला गर्भवती हो या किसी को मेडिकल इमरजेंसी हो जाए तो एंबुलेंस तक अंदर नहीं आ रही। मैं पिछले 20 सालों से दिल्ली में जमीन पर काम कर रही हूं, मैंने आज तक ऐसे हालात नहीं देखे कि मुख्यमंत्री जो कि बहुत लंबे समय तक पीडब्ल्यूडी मंत्री रही हैं, उनके अपने विधानसभा क्षेत्र का इतना बुरा हाल है। स्वाति मालीवाल ने कहा कि आतिशी को अपने विधानसभा के लोगों से जाकर मिलना चाहिए और उनका दर्द समझना चाहिए और उन्हें राहत पहुंचानी चाहिए। अगर वे अपने विधानसभा क्षेत्र की स्थिति नहीं सुधार सकती तो ये बाकी दिल्ली को कैसे ठीक करेंगी।”

स्वाति मालीवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर कालकाजी इलाके की गलियों का एक वीडियो भी पोस्ट किया है। स्वाति ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘’ये है सीएम आतिशी मार्लेना की विधानसभा कालकाजी का हाल। पूरे इलाके का नाश कर रखा है। सड़कें टूटी-फूटी पड़ी हैं और हर दिन लोग घायल हो रहे हैं। ये हाल तब है जब मैडम खुद मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री भी हैं। लोग नर्क की जिंदगी जी रहे हैं।”

उन्होंने आगे लिखा, ”ये हाल पूरी दिल्ली का है, सीएम 1 और सीएम 2 ने वादा किया था कि दिवाली तक पूरी दिल्ली चमका देंगे, अपने इलाके में तो झांककर देखो एक बार।”

इससे पहले भी वह कई और ‘आप’ विधायकों की विधानसभाओं में जा-जाकर वहां का हाल दिखा चुकी हैं।

बता दें कि, स्वाति मालीवाल बीतें दिनों दिल्ली के सीएम आवास में हुई कथित ‘पिटाई’ के बाद ‘आप’ सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ मुखर हो गई हैं। वह पार्टी के नेताओं और उनकी नीतियों का सड़क से सदन तक खुलकर विरोध करती दिख रही हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक ना तो ‘आप’ ने पार्टी से बाहर निकाला है, और न उन्होंने खुद ही इस्तीफा दिया है। स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *