अमेरिका जाएंगी स्वाति मालीवाल, दिल्ली कोर्ट से मिली इजाजत; बीमार बहन से करेंगी मुलाकात

दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को अपनी बीमार बहन से मिलने के लिए 2 से 15 नवंबर तक अमेरिका जाने की अनुमति दे दी है। मालीवाल ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 79वें सत्र में भाग लेने की भी अनुमति मांगी थी। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष रह चुकीं मालीवाल पर आरोप है कि उन्होंने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग कर आप से जुड़े लोगों को महिला अधिकार संस्था में विभिन्न पदों पर नियुक्त किया।

इस आरोप की फिलहाल जांच चल रही है। इसके बावजूद कोर्ट ने उन्हें राहत देते हुए विदेश जाने की इजाजत दे दी। मालीवाल ने सोमवार को राउज एवेन्यू कोर्ट का रुख किया था। मालीवाल ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई है। जिसका कोर्ट में फिलहाल ट्रायल चल रहा है। बिभव को तीन महीने से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत में रहने के बाद सितंबर में मामले में जमानत दी गई थी।

एक दिन पहले मालीवाल ने किराड़ी में गंदगी को लेकर दिल्ली सरकार को घेरा था। उन्होंने दिल्ली की सीएम आतिशी पर निशाना साधते हुए सीएम आवास के बाहर सीवर का गंदा पानी फेंकने की चेतावनी दी थी। दरअसल, किराड़ी विधानसभा का औचक निरीक्षण करने पहुंची आप सांसद वहां गंदगी देखकर भड़क गईं। उन्होंने विधाययक ऋतुराज को फोन पर फटकार लगाई। इस दौरान जनता ने मालीवाल को टूटी सड़कें, गंदगी और ओवरफ्लो होते सीवर दिखाए। जिसे देख उनका गुस्सा फूट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *