Swiggy का कल खुलेगा IPO, कम से कम 14820 रुपये लगाने होंगे आपको, फिर मुनाफे में हिस्सेदारी पक्की

इस साल भारतीय आईपीओ मार्केट (Indian IPO Market) में एक के बाद एक बड़ी कंपनियों के इश्यू ने दस्तक दी है. इनमें से कई ने निवेशकों को बंपर फायदा कराया है. हालांकि, कुछ धराशायी भी नजर आए. अब 2024 के बड़े IPO की लिस्ट में ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी (Swiggy) का भी नाम जु़ड़ने जा रहा है. कंपनी का आईपीओ कल यानी बुधवार को सब्सक्रिप्शन के लिए ओपन हो रहा है और इश्यू से जुड़ी सारी डिटेल्स सामने आ चुकी हैं. आप महज 14820 रुपये का निवेश करके स्विगी के मुनाफे में अपनी हिस्सेदारी पक्की कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे?  


ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी का आईपीओ (Swiggy IPO) 6 नवंबर यानी कल खुलने जा रहा है. अगर आपने अब तक आए आईपीओ में निवेश नहीं किया है, तो ये बेहतरीन मौका है. अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) से लेकर माधुरी दीक्षित (Madhuri Dixit) तक तमाम सेलेब्रिटीज ने इस कंपनी में पैसा लगाया है. कंपनी के इश्यू में तीन दिन मतलब 8 नवंबर तक पैसे लगाए जा सकेंगे. इस इश्यू के जरिए स्विगी 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 29,04,46,837 शेयर जारी करेगी और इस हिसाब से कंपनी के आईपीओ का आकार 11,327.43 करोड़ रुपये होगा. 


आईपीओ के तहत कंपनी 4,499 करोड़ रुपये के 115,358,974 फ्रेश शेयर जारी करेगी, तो वहीं 6,828.43 करोड़ रुपये मूल्य के 175,087,863 शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए बिक्री के लिए पेश किए जाएंगे.  Swiggy IPO Price Band की बात करें, तो कंपनी ने ये 371-390 रुपये प्रति शेयर तय किया है. आईपीओ में निवेश के लिए कंपनी ने अपने कर्मचारियों को खास डिस्काउंट भी दिया है और उन्हें हर शेयर पर 25 रुपये की छूट मिलेगी.  


अब बात करते हैं कि आखिर कैसे 15,000 रुपये से भी कम के निवेश के जरिए आप स्विगी के मुनाफे में हिस्सेदार बन सकते हैं, तो इसका कैलकुलेशन बेहद आसान है. दरअसल, Swiggy ने इश्यू के तहत 38 शेयरों का लॉट साइज तय किया है, मतलब किसी भी निवेशक को कम से कम इतने शेयरों के लिए बोली लगानी होगी. अब अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो इतने शेयरों के लिए कुल निवेश की रकम 14,820 रुपये होगी. इसके बाद आपका आईपीओ निकलने पर अगर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग प्रॉफिट पर होती है, तो फिर इस मुनाफे में आपका हिस्सा भी पक्का रहेगा.  


Swiggy IPO क्लोज होने के बाद 11 नवंबर को आईपीओ का अलॉटमेंट प्रोसेस शुरू होगा और निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट होने का सिलसिला 12 नवंबर को होगा. इसके बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 13 नवंबर को होगी. बता दें कि स्विगी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर लिस्ट होंगे. ग्रे-मार्केट में इस आईपीओ के परफॉर्मेंस की बात करें, तो कंपनी के शेयर मंगलवार को दोपहर 2 बजे पर 7 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था. इस हिसाब से देखें, तो इसकी संभावित लिस्टिंग 397 रुपये पर हो सकती है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *