तंवर के बदले तंवर; AAP ने BJP से हिसाब किया चुकता, स्वैप हो गए ‘उम्मीदवार’

दिल्ली में बेशक अगले साल विधानसभा तुनाव होने हैं लेकिन राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई हैं। अपनी पार्टी से नाराज कई नेता दूसरी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। दूसरे दल इन नेताओं का गले लगाकर स्वागत कर रहे हैं। उनमें इन्हें वो संभावना नजर आ रही है जो 2025 में दिल्ली रण के लिए जरूरी है। दीवाली के दिन बीजेपी को झटका देते हुए चौधरी ब्रह्म सिंह तंवर ने आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ले ली। उन्हें खुद अरविंद केजरीवाल ने पार्टी में शामिल किया। कुछ समय पहले बीजेपी ने छतरपुर विधानसभा सीट से आप विधायक करतार सिंह तंवर को तोड़ा था। जिसका हिसाब आप ने गुरुवार को चुकता कर दिया।

ब्रह्म सिंह तंवर तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे एक बार काउंसलर (पार्षद) भी रह चुके हैं। उनका छतरपुर और महरौली इलाके में दबदबा है। उन्हें दिल्ली बीजेपी का कद्दावर नेता माना जाता था। वे पार्टी की स्थापना के समय से जुड़े थे और आपातकाल के दौरान जेल जा चुके हैं। उन्होंने 1977 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पहला चुनाव लड़ा और पार्षद चुने गए। माना जा रहा है कि चार महीने पहले आप छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए करतार की जगह पार्टी ब्रह्म तंवर को छतरपुर से उतार सकती है।

ब्रह्म सिंह तंवर का दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने स्वागत किया। उनके पार्टी में शामिल होने पर केजरीवास ने कहा, ‘ब्रह्म सिंह तंवर दिल्ली के एक प्रमुख नेता हैं, जो छतरपुर और महरौली निर्वाचन क्षेत्रों से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनके शामिल होने से आप परिवार और मजबूत होगा।’ वहीं तंवर ने कहा कि वह केजरीवाल की कार्यशैली और लोगों की सेवा के प्रति उत्साह से प्रभावित हैं और उन्होंने आप के लिए समर्पण के साथ काम करने का वादा किया।

चार महीने पहले आप विधायक करतार सिंह तंवर ने राज कुमार आनंद के साथ बीजेपी ज्वाइन कर ली थी। तंवर 2020 के विधानसभा चुनाव में आप के टिकट पर चुने गए थे। वे दिल्ली जल बोर्ड में एक जूनियर इंजीनियर थे। उन्होंने 2007 में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। आप से पहले वह बीजेपी में थे। इस तरह एक तरह से उन्होंने घर वापसी की है। वह दिल्ली नगर निगम में पार्षद भी रह चुके हैं। वहीं दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने दल-बदल कानून के तहत उनकी सदस्यता रद्द कर दी है। जिसके लिए उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *