वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर पैदल हनुमान मंदिर पहुंची टीम इंडिया, जश्न में डूबा पूरा देश

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने और अहमदाबाद में इतिहास रचने के कुछ ही घंटों बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी लेकर हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमान जी के दर्शन कर टीम की ऐतिहासिक जीत के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भारतीय टीम ने रविवार, 8 मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने न केवल अपना खिताब बरकरार रखा, बल्कि मेजबान देश के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश भी बन गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने मुकाबला 96 रन से जीत लिया।

मैच खत्म होने के बाद प्रसारण और प्रेस से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद भारतीय टीम के कुछ सदस्य ट्रॉफी लेकर पैदल ही नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास स्थित हनुमान टेकरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। 2024 से 2026 के बीच यह भारत का लगातार तीसरा आईसीसी खिताब है, जिससे टीम इस दौर की सबसे सफल अंतरराष्ट्रीय टीमों में शामिल हो गई है।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत के पीछे के सबसे बड़े कारण का खुलासा करते हुए कहा कि एक लीडर के तौर पर यह समझना सबसे जरूरी होता है कि आपके खिलाड़ी क्या करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा, “मुझे पता था कि मेरी टीम के हर खिलाड़ी में मैच जिताने की अद्भुत क्षमता है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर मुझे शुरू से भरोसा था। वे बेहतरीन खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा यकीन था कि वे फाइनल जैसे बड़े मंच पर कुछ खास जरूर करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *