8 महीने बाद तेजस्वी और नीतीश की हुई मुलाकात,

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मुलाकात काफी चर्चा में रही। दरअसल मंगलवार को पटना स्थित सचिवालय में सीएम नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव की यह मुलाकात हुई है। इस मुलाकात को लेकर एक तरफ जहां सियासी हलचल तेज थी तो दूसरी तरफ कई लोग अपनी-अपनी तरफ से कयास लगा रहे थे। हालांकि, इस बैठक के बाद जब तेजस्वी यादव बाहर निकले तब उन्होंने मीडिया से बातचीत की और बताया कि सीएम से उनकी क्या बात हुई।

तेजस्वी यादव ने मीडिया से कहा, ‘हम लोगों ने नौवीं अनुसूची को लेकर बातचीत की है।’ जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि सीएम ने क्या कहा? तब तेजस्वी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी तो कह रहे हैं कि मामला कोर्ट में है। तो हम भी बोले कि भाई हम भी कोर्ट पहुंच गए। आप रखिए हम भी रखते हैं अच्छे से।

इधर कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव अलग-अलग गाड़ियों से एक साथ ही सचिवालय पहुंचे थे। करीब 8 महीने बाद दोनों नेताओं की यह मुलाकात हुई है। रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि इस मुलाकात में राज्य में नए सूचना आयुक्त की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की गई है। सूचना आयुक्त की नियुक्ति सीएम और नेता प्रतिपक्ष मिलकर करते हैं। 

यह भी कहा जा रहा है कि सूचना आयोग के दोनों सदस्यों की नियुक्ति पर सहमति बन गई है और तेजस्वी यादव ने कहा है कि राज्य सरकार जल्द ही इसपर जानकारी देगी। बहरहाल कहा जा रहा है कि बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई है लेकिन इन दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात से अटकलों का बाजार जरूर गरम रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *