तीमारदार ने फोड़ा जूनियर डॉक्टर का सिर, घटना से नाराज डॉक्टर्स ने की स्ट्राइक

मेरठ के लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात जूनियर डॉक्टर और एक तीमरदार के बीच मारपीट हो गई. बताया जा रहा है कि तीमरादार ने जूनियर डॉक्टर का सिर फोड़ दिया. इस घटना के बाद डॉक्टरों ने इमरजेंसी गेट पर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए. आसपास के जिलों से आए मरीज एंबुलेंस में तड़पते रहे. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने कहा कि जूनियर डॉक्टर को समझाया जा रहा है. 

जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच जिला अस्पताल से एक महिला मरीज को लेकर तीमारदार मेडिकल कॉलेज पहुंचा. जांच के बाद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद तीमारदारों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. आरोप है कि तीमारदार ने ऑक्सीजन सिलेंडर खोलने वाली चाबी से जूनियर डॉक्टर पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया. इस घटना के बाद जूनियर डॉक्टर काम छोड़कर इमरजेंसी के बाहर धरने पर बैठ गए.

हंगामे की सूचना पर तमाम पुलिस अधिकारी और प्राचार्य आरसी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और डॉक्टर को समझने का प्रयास किया. लेकिन जूनियर डॉक्टरों ने अपनी हड़ताल खत्म नहीं की और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर अनिश्चितकाल हड़ताल पर जाने की चेतावनी देने लगे. मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल आर सी गुप्ता ने बताया कि कल रात में करीब साढ़े 9 बजे के आसपास एक पेशेंट पीएल शर्मा से रेफर होकर आया था. जब डॉक्टर ने उसे चेक किया तो वह मर चुकी थी. 

वहीं मंगलवार को धरने पर बैठे और हंगामा कर रहे जूनियर डॉक्टरों ने एक गाड़ी में तोड़फोड़ की जिस पर विद्युत विभाग लिखा था बताया जा रहा है कि किसी तीमारदार की यह गाड़ी थी वहीं जूनियर डॉक्टरों ने हंगामा के दौरान मारपीट भी की जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *