कलेक्टर ने स्कूलों का सघन निरीक्षण किया और शिक्षकों की बैठक लेकर बेहतर परीक्षा परिणाम लाने निर्देश दिए

गौरेला पेंड्रा मरवाही, कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने शुक्रवार को विभिन्न स्कूलों का सघन निरीक्षण किया और शिक्षकों की बैठक लेकर बेहतर परीक्षा परिणाम लाने निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमाडांड़, शासकीय कन्या एवं बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागांव, शासकीय कन्या हाई स्कूल मुरमुर, शासकीय कन्या एवं बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़गार, शासकीय हाई स्कूल कोटमीखुर्द एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बस्ती (बगरा) का निरीक्षण किया और प्रत्येक स्कूलों में शिक्षकों की बैठक लेकर 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शत प्रतिशत परिणाम लाने के लिए अपने नैतिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने कहा। उन्होंने दर्ज संख्या के अनुसार बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, उनके पालकों से सतत संपर्क करने, कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने, अतिरिक्त क्लास लेने, नियमित रूप से अभ्यास कराने, ब्लूप्रिंट के आधार पर परीक्षा की तैयारी कराने सहित परीक्षा परिणाम में सुधार लाने सुझाव दिए। 

           कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान बच्चों के क्लास रूम में जाकर अध्ययन-अध्यापन की जानकारी ली और बच्चों को पढ़ाया भी। उन्होंने शासकीय कन्या हाई स्कूल नवागांव में 9वीं कक्षा के छात्राओं को अंग्रेजी ग्रामर पढ़ाया और उनसे सवाल-जवाब कर उनके ज्ञान की परख की। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को स्वयं नियमित रूप से स्कूल आने और अपने दोस्तों-सहेलियों को भी नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करने कहा। उन्होंने शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया तथा शिक्षकों से कहा कि बोर्ड परीक्षा के लिए समय-सारणी जारी हो चुका है, अब परीक्षा होने में सिर्फ दो माह रह गए हैं, इसलिए अनावश्यक रूप से अवकाश पर नहीं जाएं, बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दें और उनका मार्गदर्शन करें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *