बिहार के दरभंगा जिले में एक बुजुर्ग की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की मनिकौली पंचायत के पनिशल्ला में 60 वर्षीय रामजतन सहनी की सड़ी-गली लाश फंदे से झूलती हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लाश की जानकारी मिलते ही सिंहवाड़ा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में कर लिया है। बताया गया है कि लाश लगभग एक सप्ताह पुरानी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार की सुबह उसके घर के आसपास के लोगों को कहीं से दुर्गंध आने का अनुभव हुआ।
रामजतन सहनी एक सप्ताह से दिखाई नहीं दे रहे थे। उसकी तलाश शुरू कर दी गयी। खोजबीन के दौरान उसके झोपड़ीनुमा घर में रस्सी के सहारे झूलती हुई उसकी लाश पाई गई। उसके परिवार में और कोई दूसरा नहीं था। घरेलू विवाद में गत 31 सितंबर को उसके पुत्र ने उसके साथ मारपीट की थी। उसने पुत्र के खिलाफ सिंहवाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से उसका पुत्र एवं पुत्रवधू घर से फरार हो गए थे। वह अकेला ही घर में जैसे-तैसे रह रहा था। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले में अग्रेतर कारवाई की जा रही है।