पखांजुर। भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का प्रतीक बने “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर नगर पंचायत पखांजुर में एक भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। देश की रक्षा में सेना द्वारा किए गए साहसिक कार्य को सलाम करते हुए समस्त नगरवासियों ने इस गौरवमयी पल को गर्व और उत्साह के साथ मनाया।
इस तिरंगा यात्रा में सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नगर के सैकड़ों आम नागरिकों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “हिंदुस्तान ज़िंदाबाद” के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
यात्रा में नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण साहा, उपाध्यक्ष शंकर सरकार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपांकर राय, तहसीलदार कुलदीप ठाकुर, नगर निरीक्षक लक्ष्मण केवट, खंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार शील, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुनील जैन, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी अमित सरकार, अभियंता अभिषेक दत्ता, सभी वार्ड पार्षद, विभागीय कर्मचारी, पुलिस बल, पत्रकार और नगरवासी शामिल हुए।
यह तिरंगा यात्रा न केवल ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव थी, बल्कि यह इस बात का प्रतीक भी बनी कि भारतवासी अपने देश, अपनी सेना और तिरंगे के सम्मान में सदैव एकजुट रहते हैं। यह आयोजन राष्ट्र के प्रति अपार प्रेम, सम्मान और गौरव की जीवंत मिसाल रहा।