‘रामायण’ की पहली झलक ने मचाया तहलका, रणबीर कपूर के ‘दिव्य’ लुक पर फिदा हुए तरण आदर्श

 नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है। खास बात यह है कि 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के मौके पर मेकर्स फिल्म से भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर की पहली झलक जारी करने जा रहे हैं। इससे पहले ही इस झलक का रिव्यू सामने आ गया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।

फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने हाल ही में ‘रामायण’ की पहली झलक देखी और सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे भव्य और उम्मीदों पर खरी उतरने वाली बताया। तरण आदर्श ने अपने रिव्यू में लिखा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक विजुअल एक्सपीरियंस है जो दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देता है।

रणबीर कपूर के लुक को लेकर तरण आदर्श ने खास तौर पर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभिनेता भगवान राम के किरदार में बेहद दिव्य, संतुलित और प्रभावशाली नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर शांति, ताकत और गरिमा साफ झलकती है, जो इस किरदार के लिए बेहद जरूरी है। रिव्यू में फिल्म के तकनीकी पक्ष की भी जमकर सराहना की गई। इसमें इस्तेमाल किए गए वीएफएक्स, सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर को शानदार बताया गया है।

फिल्म का म्यूजिक हंस जिमर और ए आर रहमान जैसे दिग्गजों ने तैयार किया है, जो इसे और भी खास बनाता है। तरण आदर्श ने अपने रिव्यू में यह भी कहा कि ‘रामायण’ सिर्फ मौजूदा दर्शकों के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी बनाई जा रही है। निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी इस महाकाव्य को बड़े पर्दे पर पूरी भव्यता और ईमानदारी के साथ पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि रामायण दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा। फिल्म में साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिलहाल दर्शक 2 अप्रैल को रिलीज होने वाली इस झलक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो फिल्म के भव्य दुनिया की पहली झलक पेश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *