यूपी के सुलतानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां वरमाला के बाद दुल्हन ने दूल्हे को मंदबुद्धि बताते हुए शादी करने से ही इनकार कर दिया। युवती के इस फैसले से हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों के लोगों ने समझाने की कोशिश की लेकिन परिणाम बेनतीजा रहा और आखिर में बारात को बैंरग लौटना पड़ा। मंगलवार को भी थाने पर दोनों पक्ष की पंचायत हुई।
ये घटना जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद कला गांव का है। यहां रहने वाले सुजीत की तीन बेटियां और एक बेटा मनोज है। सुजीत दिल्ली में मजदूरी करता है। उसने बड़ी बेटी बबिता का विवाह अखंडनगर थानाक्षेत्र केनगरी मकोइया गांव के रहने वाले पुनीत के साथ तय था। तय किया। बबिता ग्रेजुएट है, वहीं पुनीत हाईस्कूल फेल। रविवार 17 नवंबर को शादी की तिथि तय थी। रात को धूमधाम के साथ बारात सुजीत के घर पर पहुंची। रिश्तेदारों व गांव वालों ने बारातियों की खातिरदारी की। कुछ रस्में हुईं। फिर बाराती खान पान में लग गए।
वरमाला की रस्म भी अदा कर दी गई। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे को मंदबुद्धि बताते हुए शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन की ये बात सुनकर सब दंग रह गए। दोनों पक्ष से बड़े बुजुर्ग मान-मनौव्वल में जुटे। रात से सुबह हो गई और बात बनी नहीं। मंगलवार को सुबह होते-होते सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, सुलह-समझौते का प्रयास किया लेकिन बात बेनतीजा ही रही। लड़की का पिता और लड़के का पिता कुछ लोगों के साथ दोस्तपुर थाने पर पहुंचे। यहां घंटों बातचीत के बाद सुलह हो गई। इस मामले में थानाध्यक्ष पंडित त्रिपाठी ने बताया कि लड़का पक्ष तिलक का खर्चा देगा तो लड़के पक्ष का जेवरात वापस होगा, इस बात पर लड़की पक्ष के लोग मान गए हैं।
वहीं लड़की के घर वालों ने मीडियाकर्मियों से बातचीत से इनकार किया। जबकि लड़के के पिता बेचन ने बताया कि शादी वरमाला तक पूरा कार्यक्रम हुआ, कोई दिक्कत नहीं हुई। उसके बाद लड़की अंदर गई और कपड़े नहीं पहनी। एक जोड़ी चप्पल और चूड़ी के लिए बवाल किया। कहा हम शादी नहीं करेंगे। लड़की वालों ने कहा है तिलक हमारा दे दीजिये और अपना गहना वापस ले लीजिये। हमने पुलिस में एक तहरीर दिया है।