आकाशीय बिजली का कहर: खेत में काम कर रहे किसान की दर्दनाक मौत

पखांजूर। पखांजूर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर पीवी-12 निवासी 45 वर्षीय आशुतोष विश्वास सुबह अपने मक्का खेत में पानी देने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरी, जो सीधे आशुतोष विश्वास पर आ गिरी।

बिजली गिरने की घटना इतनी भीषण थी कि आशुतोष विश्वास की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पखांजूर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इन दिनों मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *