अस्पताल में भर्ती मरीज ने रात को चौथी मंजिल से नीचे लगा दी छलांग और फिर..

दिल्ली के द्वारका इलाके में डिप्रेशन के शिकार एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अस्पताल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी. पुलिस ने शनिवार को बताया कि द्वारका में एक निजी अस्पताल की छत से गिरने के बाद 63 साल के एक मरीज की मौत हो गई.

पीड़ित दिल्ली हाई कोर्ट के रिटायर्ड कर्मचारी थे और उनका मोहन गार्डन इलाके के अस्पताल में डिप्रेशन (चिंता और तनाव) का इलाज चल रहा था. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है.

रिपोर्ट के मुताबिक घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुई जब व्यक्ति चौथी मंजिल पर अस्पताल की छत पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूद गया. अधिकारी ने कहा, उन्हें इमरजेंसी रूम में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. अधिकारी ने कहा कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की जा रही है और जांच चल रही है.

बता दें कि अभी हाल ही में दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद में लॉ की एक छात्रा ने खुदकुशी कर ली थी. पुलिस ने कहा कि 20 साल की लड़की सोमवार को आठवीं मंजिल के अपने अपार्टमेंट से नीचे कूद गई जिससे उसकी मौत हो गई थी.

एक पुलिस अधिकारी ने उसके परिवार के बयान का हवाला देते हुए बताया था कि दिल्ली के एक कॉलेज में लॉ की पढ़ाई कर रही छात्रा डिप्रेशन में थी और उसका इलाज चल रहा था. सहायक पुलिस आयुक्त (साहिबाबाद) रजनीश कुमार उपाध्याय ने कहा था, ‘लॉ की छात्रा यहां एक ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में अपने माता-पिता के साथ रहती थी. सोमवार को उसने अपार्टमेंट से छलांग लगा दी और उसकी मौत हो गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *