रात में हैवान बन जाता था पति, पत्नी को बेहोश कर 11 वर्षीय बेटी से करता था दुष्कर्म; मां ने सुनाई करतूत

गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में एक सौतेले पिता द्वारा 11 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। पुलिस ने उसकी पत्नी की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस घटना के संबंध में पीड़ित बच्ची की मां ने ही केस दर्ज कराया है।

विजयनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने बताया कि वह घरों में काम कर गुजर-बसर करती है। नौ साल पहले उसके पहले पति की मौत हो चुकी है। इसके बाद करीब छह साल पहले रोजी कॉलोनी निवासी आरिफ से उसका संपर्क हुआ। आरिफ ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर उसकी और बच्ची की परवरिश का भरोसा दिया था।

महिला के मुताबिक, आरिफ ने मंदिर में उसके साथ शादी की और तभी से वह साथ रह रहा था। कुछ दिनों से उसकी 11 वर्षीय बेटी की तबीयत खराब थी। मां द्वारा पूछताछ पर बच्ची ने आरिफ की घिनौनी हरकत के बारे में उसे बताया। बच्ची ने एक माह से दुष्कर्म करने की बात बताई।

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी रात में उसे नशीला पदार्थ देकर बेसुध कर देता था और फिर बेटी के साथ हैवानियत करता था। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी का कहना है कि पॉक्सो ऐक्ट और दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दुष्कर्म पीड़िता किशोरी को अस्पताल से छुट्टी मिली

वहीं, एक दूसरे मामले में गाजियाबाद के ही खोड़ा निवासी दुष्कर्म पीड़िता किशोरी को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई, जबकि उसका बच्चा अभी दिल्ली में ही भर्ती है। दोनों की हालत में सुधार है। पुलिस का कहना है कि सीडब्ल्यूसी के आदेश पर कार्रवाई की जाएगी।

खोड़ा थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता 6 क्लास की छात्रा है। पड़ोसी किशोर पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। किशोरी के गर्भवती होने का पता चलने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए थे, लेकिन डॉक्टरों ने गर्भपात से इनकार कर दिया था। साथ ही पुलिस और सीडब्ल्यूसी को सूचना दे दी थी। सीडब्ल्यूसी ने दिल्ली के कल्याणपुरी थाने में पॉक्सो ऐक्ट के तहत इस मामले में मुकदमा दर्ज करवाया था, जिसे खोड़ा थाने ट्रांसफर कर दिया गया।

खोड़ा पुलिस का कहना है आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पीड़िता अस्पताल से घर पहुंच गई है। प्रीमैच्योर डिलीवरी के चलते बच्चे की हालत खराब थी, उसे निगरानी में रखा गया है। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में किशोरी बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद सीडब्ल्यूसी के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *