17 दिन पहले जन्‍मी अपनी बेटी को गला दबाकर मार डाला, लाश लेकर पहुंचा थाने; वजह सुन पुलिस भी दंग

यूपी के सोनभद्र में एक शख्‍स ने 17 दिन पहले ही जन्‍मी अपनी बच्‍ची को गला दबाकर मार डाला। बेटी की हत्‍या के बाद उसकी लाश को लेकर वह खुद ही थाने पहुंचा। उस शख्‍स ने अपनी मासूम और निर्दोष बेटी की हत्‍या की जो वजह बताई उसे सुन पुलिसवाले भी हैरान रह गए। इस कलियुगी पिता ने बताया कि वह अपनी पत्‍नी के साथ बच्‍ची को लेकर इलाज के लिए डॉक्‍टर के पास जा रहा था। रास्‍ते में किसी बात पर उसका पत्‍नी से झगड़ा हो गया। इससे उसे इतना गुस्‍सा आ गया कि उसने पत्‍नी की गोद से छीनकर बच्‍ची का गला दबा दिया और उसकी मौत हो गई। पति की क्रूरता से पत्‍नी अवाक रह गई। घटना के बाद से रो-रोकर उसका बुरा हाल है।

यह घटना, सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र की है। हाथीनाला थाना प्रभारी निरीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि साऊडीह निवासी रामरती पुत्र मोतीचंद अपनी पत्नी के साथ बीमार बच्ची दसमतिया जो मात्र 17 दिन की है, उसे दवा कराने के लिए ले जा रहे था। तभी रास्ते में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हो गया। इसी बीच रामरति ने बच्ची को मां की गोद से छीन कर गला दबा कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद अपनी मृत बच्ची का शव लेकर थाने पहुंचा और सारी घटना को बताया। घटना सुनते ही हाथीनाला पुलिस हक्का बक्का रह गई। उन्होंने बताया कि 17 दिन की बच्ची दशमतिया दशहरा के दिन पैदा हुई थी।

अपनी नवजात बच्‍ची की हत्‍या कर देने वाले रामरती के खिलाफ उसकी पत्‍नी और बच्‍ची की मां ने केस दर्ज कराया है। उसी ने पुलिस को तहरीर दी जिसके आधार पर रामरती के खिलाफ हत्‍या का मुकदमा दर्ज किया गया। ओबरा क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय ने बताया कि पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *