पंजाब के अमृतसर में सुसाइड करने वाले अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उपिंदर ने कहाकि ट्रांसपोर्ट लालजीत सिंह भुल्लर ने मेरे पति को बहुत ज्यादा टॉर्चर किया। उन्होंने कहाकि मेरे पति इतने ज्यादा असहाय हो गए कि उन्होंने खुद की जान ले ली। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहाकि अगर मेरे परिवार को कुछ भी हुआ तो उसकी जिम्मेदार यह सरकार होगी। गौरतलब है कि शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें रंधावा को यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। रंधावा ने वीडियो में भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। रंधावा के पास पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी था।
तभी होने देंगे अंतिम संस्कार
उपिंदर कौर ने आगे कहाकि मेरे पति को धमकी दी गई थी तुम्हारा परिवार, तुम्हारे बच्चे, तुम्हारी पत्नी, सब खत्म हो जाएंगे। साथ ही उनके पीछे गैंगस्टर्स छोड़ने की बात भी कही गई थी। पत्नी के मुताबिक 13 मार्च को उनके ऑफिस में उन्हें बहुत ज्यादा टॉर्चर किया गया था। उन्होंने कहाकि मेरे तीन बच्चे हैं। मेरी सास हैं। हम सभी को इंसाफ चाहिए। गगनदीप सिंह रंधावा की पत्नी ने आगे कहाकि मामले में तेजी से गिरफ्तारी होनी चाहिए। तभी पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार होने दिया जाएगा। मुझे सिर्फ न्याय चाहिए और कुछ नहीं।
टेंडर पास नहीं करने का नतीजा
उपिंदर कौर ने आगे बताया कि जब वह 13 मार्च को वापस लौटे तो उन्होंने मुझे सब बताया था। यहां तक कि उन्होंने अपने विभाग की भी शिकायत की थी। विभाग से उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा था, लेकिन हुआ कुछ नहीं। यह सबकुछ सिर्फ इसलिए किया गया, क्योंकि एक टेंडर पास नहीं हुआ था। मेरे पति ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। अब मुझे अपनी जिंदगी के लिए भी डर लग रहा है। उन्होंने कहाकि मेरे बच्चों और मुझे सुरक्षा दी जानी चाहिए। अगर हमें कुछ हुआ तो यह सरकार उसके लिए जिम्मेदार होगी।
वायरल हुआ था वीडियो
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था जिसमें रंधावा को यह कहते सुना जा सकता है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। रंधावा ने वीडियो में भुल्लर पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। रंधावा के पास पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी था। रंधावा को वीडियो में यह कहते सुना गया, ‘खा लयी सल्फास तुहाडे यार ने। मिनिस्टर लालजीत भुल्लर दे डर तों। हुण नहीं मैं बचना (तुम्हारे दोस्त ने सल्फास खा लिया है, मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से। अब मैं नहीं बचूंगा)।’ तरनतारन जिले के पट्टी से विधायक भुल्लर ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को निराधार बताया।
लालजीत सिंह भुल्लर ने शनिवार को राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के बीच, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भुल्लर से पद छोड़ने को कहा था। मान ने शनिवार को कहा था कि उन्होंने मुख्य सचिव को इस मामले में जांच करने का निर्देश दिया है और भुल्लर से पद छोड़ने को कहा है ताकि निष्पक्ष तरीके से जांच की जा सके। मान ने कहा था कि इस मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भुल्लर के परिवहन एवं जेल विभाग किसी अन्य मंत्री को सौंपे जाएंगे। वीडियो के ऑनलाइन सामने आने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की आलोचना की और भुल्लर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।