पति-पत्नी को लूटकर बदमाश फरार, पुलिस घंटों करती रही सीमा विवाद

यूपी के बाराबंकी में बाइक सवार बदमाशों ने रविवार देर शाम सुबेहा हैदरगढ़ मार्ग पर दम्पति को रोककर लूटपाट की। राहगीरों के समय पर आने के कारण महिला के जेवर बच गए। बदमाशों को पकड़ने के बजाय सुबेहा व हैदरगढ़ पुलिस में घंटों सीमा विवाद होता रहा। इस दौरान बदमाश फरार हो चुके थे। विवाद के बाद अंतत: मामला सुबेहा थाना क्षेत्र का निकला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत में भटखेरा मोहल्ला निवासी युवक अवधेश शर्मा रविवार देर शाम रूदौली कस्बा स्थित अपनी ससुराल से पत्नी को लेकर बाइक से घर लौट रहा था। सरांय चदेल, सुबेहा-शुकुलबाजार तिराहा के नजदीक दम्पति के वाहन का बाइक सवार दो बदमाश पीछा करने लगे। अवधेश शर्मा ने अपनी बाइक की स्पीड बढ़ाई और कमेला चौराहा पर भीड़भाड़ में आकर रुक गए। इसके बाद बदमाशों ने अपनी बाइक कमेला गांव की ओर मोड़ दी और आंखों से ओझल हो गए। करीब दस मिनट रुकने के बाद अवधेश शर्मा को लगा कि बदमाश भाग गए। वह बाइक से गांव की ओर चल दिए। चौराहे से आगे बढ़ते ही अचानक बाइक सवार बदमाश आए और अवधेश की पत्नी से बैग छीन लिया जिसमें चार हजार रुपए की नकदी के साथ कई महत्वपूर्ण कागजात थे। इसके बाद बदमाशों ने पहने हुए जेवर भी छीनने का प्रयास किया। जेवर पर जैसे ही बदमाशों ने हाथ डाला अवधेश शर्मा और उनकी पत्नी जोर-जोर से चीखने लगी। इसी दौरान हैदरगढ़ की ओर से कई वाहन नजदीक आ गए। वाहनों को आता देख बदमाश अपनी बाइक लेकर हैदरगढ़ की ओर भाग निकले।

जोधी मोड पर अवधेश शर्मा ने डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी। थोड़ी देर बाद पीआरवी के साथ हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। हैदरगढ़ पुलिस को पीड़ित दम्पति द्वारा घटनास्थल बताया गया तो उसने उसे सुबेहा थाना क्षेत्र में होना बताया जिस पर सुबेहा पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची सुबेहा और हैदरगढ़ में इसके बाद सीमा विवाद शुरू हो गया। काफी देर तक चले विवाद के बाद अंतत: दोनों थाने की पुलिस उस स्थान पर दम्पति के साथ गई जहां बदमाशों ने बैग छीना। अंतत: घटनास्थल सुबेहा ही निकला। सोमवार सुबह अवधेश शर्मा ने सुबेहा थाने में तहरीर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *