विधायक और कलेक्टर ने नगरीय निकाय क्षेत्र में प्रगतिरत कार्यों और अधोसंरचनाओं का किया निरीक्षणबारिश के पूर्व नालियों की सफाई पूर्ण करने के दिए निर्देश

उत्तर बस्तर कांकेर 25 मई 2025/ कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम एवं कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज कांकेर शहर के विभिन्न विकास कार्यों का सघन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक एवं कलेक्टर ने मुआयने की शुरुआत सिंगारभाट स्थित खेल परिसर से की, जहाँ बनने वाले सिंथेटिक ट्रैक एवं जिम के लिए भवन स्थल का चयन किया गया। इस दौरान खेल अधिकारी को कार्ययोजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही परिसर में निर्माणाधीन स्विमिंग पूल की प्रगति की जानकारी भी ली गई तथा लोक निर्माण विभाग के सब-इंजीनियर को निर्देश दिए गए कि टाइल्स लगाने सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं।
विधायक श्री नेताम ने परिसर में नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए तथा परिसर की समुचित देखरेख हेतु चौकीदार की नियुक्ति के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने दूध नदी पर बन रहे रिटेनिंग वॉल एवं लैंडस्केपिंग कार्य का निरीक्षण किया और जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को जरूरी निर्देश दिए। तदोपरांत शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने नगर पालिका के सीएमओ को निर्देशित किया कि कचरे का संग्रहण दिन में दो बार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व सभी नालियों की साफ-सफाई अनिवार्यतः करवाई जाए। इसके बाद आमापारा स्थित मुक्तिधाम परिसर में 7.7 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया गया। वहाँ उपस्थित कर्मचारी द्वारा विधायक श्री नेताम को प्लांट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। विधायक ने मुक्तिधाम परिसर में नियमित साफ-सफाई एवं सतत देखरेख के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस दौरान नगर पालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *