पिछले 11 वर्ष आर्थिक पुनरुत्थान, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का नया युग: शाह

नयी दिल्ली. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केन्द्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल में देश ने आर्थिक पुनरुत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है।
श्री शाह ने राजग सरकार का 11 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, “ मोदी सरकार के ऐतिहासिक 11 वर्ष जनसेवा के संकल्प, साधना और समर्पण का स्वर्णिम कालखंड रहे हैं। ग्यारह वर्ष के कार्यकाल में देश ने आर्थिक पुनरुत्थान, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा का एक नया युग देखा है। मोदी सरकार ने यह सिद्ध कर दिया कि जब नेतृत्व स्पष्ट, संकल्प अडिग और नीयत लोकसेवा की होती है, तब सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नए कीर्तिमान बनते हैं।”
वर्ष 2014 से पहले सरकार में पॉलिसी पैरालिसिस और नेतृत्व की कमी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “ 2014 में जब मोदी जी ने देश की बागडोर संभाली, तब देश में पॉलिसी पैरालिसिस था। न नीतियाँ थीं, न नेतृत्व था और सरकार में घोटाले चरम पर थे। अर्थव्यवस्था जर्जर और शासन व्यवस्था दिशाहीन थी। पिछले 11 वर्षो में ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ से देश के विकास की स्पीड और स्केल दोनों को बदला गया है। प्रधानमंत्री किसानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और वंचितों को शासन के केंद्र में लाए और तुष्टीकरण की जगह सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की कार्य संस्कृति बनाई।ृृ
केन्द्रीय गृह मंत्री ने राजग सरकार के कार्यकाल को राष्ट्रीय सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर करार दिया और कहा , “ राजग सरकार के 11 वर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा की दिशा में भी मील का पत्थर सिद्ध हुए हैं। नक्सलवाद अपनी अंतिम साँसे गिन रहा है, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर में शांति की स्थापना हुई है, भारत अब आतंकवादी हमलों का जवाब आतंकियों के घर में घुस कर देता है। यह मोदी सरकार में भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाता है। मोदी 3.0 में नया भारत रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की शक्ति से विकसित और आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। देशवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर हर क्षेत्र में नंबर एक भारत बनाने की यह यात्रा ऐसे ही जारी रहेगी।”
उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार ने 11 वर्ष पहले केन्द्र की सत्ता संभाली थी और इसके बाद से देश ने घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *