‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ का एक विमान शुक्रवार सुबह उड़ान भरने के दौरान संदिग्ध रूप से धुआं दिखाई देने के बाद तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर वापस लौट आया। विमानन कंपनी और हवाई अड्डा सूत्रों ने यह जानकारी दी। हवाई अड्डे के एक सूत्र ने बताया कि मस्कट जाने वाले विमान में धुएं की चेतावनी सुबह करीब साढ़े 10 बजे मिली।
सूत्र ने बताया कि विमान में 142 यात्री सवार थे और जांच के लिए यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। ‘एअर इंडिया एक्सप्रेस’ के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि यह पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि धुआं उठने का क्या कारण है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘हम विमान परिचालन के हर पहलू में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं और असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं।
जानकारी के मुताबिक चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। बयान में कहा गया कि फ्लाइट IX 549 के टेकऑफ के दौरान पता चला कि धुआं निकल रहा है। इसके बाद विमान को वापस लौटा लिया गया। अब तक किसी तरह की आग लगने की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि पता लगाया जा रहा है कि धुएं का कारण क्या था।
एयर इंडिया का कहना है कि घटना की जांच की जाएगी। इससे पहले 4 सितंबर को नई दिल्ली से बहरीन जाने वाली फ्लाइट में टेकऑफ के दौरान कोई तकनीकी दिक्कत आ गई थी। इसकी भी इमर्जेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। मामले की जांच के आदेश डीजीसीए ने दिए थे।