बांग्लादेश के खिलाफ 19 सितंबर से दो मैच की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसके लिए टीम का ऐलान अगले सप्ताह हो सकता है। भारतीय टीम अगले कुछ महीने काफी बिजी रहने वाली है। टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को बांग्लादेश के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा। क्योंकि उसके बाद बड़ी टीमों के खिलाफ खेलना है, जहां ज्यादा टक्कर देखने को मिल सकती है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पास आगामी बांग्लादेश सीरीज में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में रोहित अगर एक शतक बना लेते हैं तो वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ देंगे। रोहित ने डब्ल्यूटीसी में नौ शतक लगाए हैं और बांग्लादेश के खिलाफ एक शतक लगाने पर उनके नाम 10 शतक हो जाएंगे और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। जो रूट डब्ल्यूटीसी में सबसे ज्यादा शतक (16) लगाने वाले बल्लेबाज हैं। मार्नस लाबुशेन ने 11 और केन विलियमसन ने 10 शतक जड़े हैं।
रोहित शर्मा पहले ही किसी भारतीय द्वारा सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में शीर्ष पर हैं। रोहित शर्मा के बाद दूसरे नंबर पर मयंक अग्रवाल और विराट कोहली हैं, जिन्होंने चार-चार शतक लगाए हैं। बांग्लादेश के साथ टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 सितंबर को चेन्नई में होगी। दूसरा टेस्ट 27 सितंबर से कानपुर में खेला जाएगा। बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान को दो मैच की टेस्ट सीरीज में 2-0 से रौंदा है, ऐसे में भारतीय टीम के लिए आगामी टेस्ट सीरीज मुश्किल होने वाली है। क्योंकि भारत लंबे समय से टेस्ट क्रिकेट से दूर रहा है।